Bihar Election: पटना में पीएम मोदी का रोड शो, गुरुद्वारे में माथा टेका
Bihar Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना में मेगा रोड शो किया और इसके बाद पटना साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका। इससे पहले उन्होंने आरा और नवादा में जनसभाएं भी कीं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिन भर बिहार में प्रचार किया। पहले उन्होंने आरा और नवादा में जनसभाएं कीं। इसके बाद पटना में मेगा रोड शो किया। इसके बाद पटना साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका। प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो कदमकुआं के दिनकर चौक से शुरू होकर गांधी मैदान के उद्योग भवन तक चला, जिसकी कुल दूरी करीब 2.8 किलोमीटर है। रोड शो से पहले, पीएम मोदी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रोड शो के पूरे रास्ते में 10 स्वागत प्वाइंट बनाए गए थे। इन स्थानों पर प्रधानमंत्री का स्वागत फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका और आशीर्वाद लेकर दिन के प्रचार का समापन किया।
Live updates : Bihar Election
- November 02, 2025 11:57 PM (IST) Posted by Shakti Singh
खेसारी लाल ने तेजस्वी के लिए किया प्रचार
खेसारी लाल यादव ने रविवार को तेजस्वी यादव के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान मंच पर गाना भी गाया। हालांकि, पगड़ी बांधने से मना कर दिया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सांसद रवि किशन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में रवि किशन जगह खोज रहे हैं। हर-हर महादेव स्वर्ग जाना है। आप लोग बताइए कौन आदमी मरने के बाद हर हर महादेव बोलता है। उन्होंने कहा कि रवि किशन हमको सनातन विरोधी बता रहे हैं। मंदिर-मस्जिद बनाने के लिए वोट दिया तो क्या रोजगार करने के लिए ट्रंप के पास अमेरिका जाना होगा।
- November 02, 2025 9:18 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ओवैसी ने तेजस्वी पर साधा निशाना
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी कहते हैं, "हम सीमांचल के एक सुदूर गांव में गए थे। जब हम नमाज पढ़कर बाहर आए, तो हमारी बहनें और माताएं वहां खड़ी थीं। वहां केवल बुजुर्ग खड़े थे क्योंकि गरीब युवा पहले ही पलायन कर चुके थे। आठ साल के बच्चे 'पतंग छाप' के नारे लगा रहे थे। तेजस्वी, क्या आपने देखा कि एक आठ साल का बच्चा 'पतंग छाप' कह रहा है। लेकिन आप आसमान में उड़ रहे हैं, आपके पास जमीन पर आने का समय नहीं है? लेकिन सीमांचल के लोग आपको जमीन पर सुला देंगे।"
- November 02, 2025 7:42 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पीएम मोदी ने पटना साहिब में टेका मत्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके साथ ही पीएम मोदी ने दिन का प्रचार खत्म किया। सोमवार को एनडीए गठबंधन के लिए नीतीश कुमार दो रैलियां करेंगे।
- November 02, 2025 6:19 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पीएम मोदी का इंतजार कर रहे लोग
पटना में लोग पीएम मोदी का बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं। कई लोग पेंटिंग लेकर पीएम मोदी का स्वागत करने पहुंचे हैं। लोगों का कहना है कि बिहार में एनडीए सरकार बनने से उन्हें फायदा होगा। ऐसा नहीं हुआ तो दोबारा जंगलराज आ जाएगा।
- November 02, 2025 6:02 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पीएम मोदी की आरती उतारी
पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान स्थानीय लोग अपनी बालकनी पर निकल आए और पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान एक महिला ने बालकनी से ही पीएम मोदी की आरती उतारी। पीएम मोदी के साथ ललन सिंह समेत कई अन्य बड़े नेता मौजूद हैं।
- November 02, 2025 5:53 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पटना में पीएम मोदी का रोड शो
पटना में पीएम मोदी का रोड शो शुरू हो चुका है। वह 2.98 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रोड शो शुरू करने से पहले उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वह गुरुद्वारे में मत्था भी टेकेंगे।
- November 02, 2025 5:15 PM (IST) Posted by Shakti Singh
रोड शो में खलल न डालें महागठबंधन के लोग- मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "दोनों परिवार (गांधी और यादव) वंशवादी हैं। वे केवल अपने फायदे के लिए एक साथ काम कर रहे हैं। बिहार के लोग प्रधानमंत्री के साथ खड़े होंगे। कल डुमरांव में मुझ पर हमला किया गया। मैं महागठबंधन के लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे दूसरों के रोड शो में खलल न डालें क्योंकि अगर कोई प्रतिक्रिया देता है, तो यह अच्छा नहीं होगा। हमें लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है।"
- November 02, 2025 4:50 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बिहार में सबसे बेहतरीन युनिवर्सिटी बनाएंगे- राहुल गांधी
खगड़िया के जेएनकेटी मैदान में कांग्रेस उम्मीदवार चंदन यादव के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए राहुल गांधी पहुंचे। उनके साथ मुकेश सहनी भी मौजूद थे। राहुल गांधी को देखने और भाषण सुनने के लिए काफी संख्या में लोग जेएनकेटी मैदान पहुंचे थे। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केन्द्र में जब इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो बिहार में सबसे बेहतरीन युनिवर्सिटी बनाई जाएगी। जहांं, हिन्दुस्तान के ही नहीं बल्कि दुनिया से लोग आएंगे।
- November 02, 2025 4:33 PM (IST) Posted by Shakti Singh
एनडीए को महुआ में जीत का भरोसा
बिहार विधानसभा चुनाव पर, महुआ निर्वाचन क्षेत्र से लोजपा-रामविलास उम्मीदवार संजय कुमार सिंह ने कहा, "चेहराकला में आयोजित भव्य चुनावी रैली के पैमाने को देखकर मैं हैरान था। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग आए, जिसकी अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह ने की। मेरा मानना है कि रैली ने जनता में ऊर्जा भर दी है। एनडीए को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और चिराग पासवान का समर्थन प्राप्त है। हमें 14 तारीख को महुआ में भारी जीत का भरोसा है।"
- November 02, 2025 4:04 PM (IST) Posted by Shakti Singh
14 दिन न्यायिक हिरासत में रहेंगे अनंत सिंह
जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी हैं। पुलिस ने शनिवार रात उन्हें गिरफ्तार किया था। रविवार को उन्हें सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
- November 02, 2025 4:01 PM (IST) Posted by Shakti Singh
नवादा में पीएम मोदी की चुनावी सभा
बिहार नवादा में चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आजादी के बाद की सरकारों ने छोटे किसानों के हितों को प्राथमिकता नहीं दी, लेकिन ये मोदी है। जिसे कोई नहीं पूछता, मोदी उन्हें पूजता है।"
- November 02, 2025 3:19 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सीजेएम अदालत ले जाए गए अनंत सिंह
जेडीयू नेता अनंत सिंह को पटना के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में ले जाया गया। दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में उन्हें शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया था।
- November 02, 2025 2:52 PM (IST) Posted by Amar Deep
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर राजीव प्रताप रूडी का बयान
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "दुलारचंद यादव के बारे में भी कुछ इतिहास निकलकर आया है। अपराध का कोई संरक्षणकर्ता नहीं है। कानून अपना काम करेगा, चुनाव आयोग अपना निर्णय लेगा। अभी चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है बिहार की विधि व्यवस्था को बनाए रखना।"
- November 02, 2025 2:43 PM (IST) Posted by Amar Deep
दुनिया भर से छात्र आकर बिहार में लेंगे एडमिशन: राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "बिहार में हमारा महागठबंधन सत्ता में आएगा और हम आपको सर्वोत्तम शिक्षा प्रदान करेंगे। मैं आपको व्यक्तिगत गारंटी देता हूं कि जिस दिन केंद्र में INDIA गठबंधन सत्ता में आएगा, हम नालंदा विश्वविद्यालय जैसा अच्छा विश्वविद्यालय खोलेंगे। हम ऐसा विश्वविद्यालय खोलेंगे जहां दुनिया भर से छात्र आएंगे और दाखिला लेंगे।"
- November 02, 2025 2:31 PM (IST) Posted by Amar Deep
हमारे लिए ना पक्ष-ना विपक्ष, सब समकक्ष: चुनाव आयोग
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि चुनाव आयोग के लिए ना कोई पक्ष है ना कोई विपक्ष है, सब समकक्ष हैं। जहां तक हिंसा की बात है चुनाव आयोग स्पष्ट करना चाहता है कि चुनाव आयोग हिंसा के प्रति शून्य सहिष्णुता रखता है। हिंसा की कोई गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सामान्य मतदाता शांतिपूर्वक अपनी स्वेच्छा के अनुसार पारदर्शी तरीके से मतदान कर पाए उसके लिए चुनाव आयोग तैयार है।"
- November 02, 2025 2:12 PM (IST) Posted by Amar Deep
कांग्रेस-राजद को अपने पापों का पछतावा नहीं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "अगर RJD बिहार में 'जंगलराज' और तुष्टिकरण की राजनीति लाई, तो कांग्रेस की पहचान सिखों के नरसंहार से जुड़ी है। यह 1 और 2 नवंबर 1984 की बात है। आज भी 2 नवंबर है। कांग्रेस के लोगों ने 1 और 2 नवंबर 1984 को दिल्ली और देश के कई अन्य हिस्सों में सिख नरसंहार को अंजाम दिया था। आज भी कांग्रेस अपनी पार्टी में सिख नरसंहार के दोषियों को पूरे सम्मान के साथ नए पद दे रही है। उन्हें बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस हो या राजद, उन्हें अपने पापों का कोई पछतावा नहीं है।"
- November 02, 2025 2:06 PM (IST) Posted by Amar Deep
आरजेडी-कांग्रेस में मचा घमासान: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "आज विकसित बिहार के संकल्प के साथ पूरा NDA एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, RJD में घमासान मचा हुआ है। नामांकन वापस लेने से एक दिन पहले बिहार में बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल खेला गया था, कांग्रेस नहीं चाहती थी कि CM पद पर RJD के नेता का नाम तय हो लेकिन RJD ने मौका छोड़ा नहीं। RJD ने कांग्रेस की कनपट्टी पर कट्टा रखकर CM पद चोरी कर लिया, घोषणा करवाकर रहे।"
- November 02, 2025 2:00 PM (IST) Posted by Amar Deep
पीएम किसान सम्मान निधि से मिल रहा लाभ: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "हमारी सरकार पीएम किसान सम्मान निधि के तहत छोटे किसानों को 6,000 रुपये देती है। बिहार की नई NDA सरकार अपनी ओर से इस राशि में 3,000 रुपये और बढ़ाने जा रही है। बिहार में पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए बिहार दुग्ध मिशन की घोषणा की गई। एक समय था जब बिहार दूसरे राज्यों से मछली आयात करता था, लेकिन NDA सरकार की नीतियों का परिणाम है कि अब बिहार दूसरे राज्यों को मछली भेजता है और मछली बेचता है।"
- November 02, 2025 1:59 PM (IST) Posted by Amar Deep
बिहार को बनाना है मेड इन इंडिया का केंद्र: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज दुनिया में मेक इन इंडिया को लेकर काफी उत्साह है। हमारा लक्ष्य बिहार को मेड इन इंडिया का केंद्र बनाना है। इसके लिए हम हजारों लघु और कुटीर उद्योगों के नेटवर्क को मजबूत करेंगे।"
- November 02, 2025 1:58 PM (IST) Posted by Amar Deep
बिहार का युवा बिहार में ही काम करेगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "बिहार देश की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले राज्यों में से एक है, इसलिए NDA बिहार में शिक्षा और कौशल पर बहुत जोर दे रहा है। हमारा संकल्प है कि बिहार का युवा बिहार में ही काम करेगा, बिहार का नाम करेगा। इसके लिए हमने आने वाले वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने की घोषणा की है और यह सिर्फ घोषणा नहीं है, यह कैसे होगा, इसकी योजना भी जनता के सामने रखी गई है।"
- November 02, 2025 1:57 PM (IST) Posted by Amar Deep
महागठबंधन ने दिया झूठ-कपट वाला घोषणापत्र: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "एक तरफ NDA का ईमानदार घोषणापत्र है, दूसरी तरफ जंगलराज वाले हैं, उन्होंने अपने घोषणापत्र को झूठ, छल-कपट, लोगों की आंखों में धूल झोंकने वाला दस्तावेज बना दिया है। जंगलराज के लोगों, मत भूलो यह पब्लिक है, यह सब जानती है।"
- November 02, 2025 1:55 PM (IST) Posted by Amar Deep
NDA को मिलने जा रही रिकॉर्ड सीट: PM मोदी
आरा में पीएम मोदी ने कहा, "इस बार बिहार की जनता NDA को रिकॉर्ड सीटें देने जा रही है, ये जंगलराज वाले इस बार सबसे करारी हार का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं क्योंकि बिहार की पुरानी पीढ़ी और अब नई पीढ़ी ने ठान लिया है फिर एक बार NDA सरकार।"
- November 02, 2025 1:54 PM (IST) Posted by Amar Deep
आपका सपना ही हमारा संकल्प: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "विकसित बिहार, विकसित भारत का आधार है। जब मैं विकसित बिहार की बात करता हूं, तो इसका मतलब है बिहार का औद्योगिक विकास, बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोज़गार है। आरा के इस मंच से मैं कहता हूं कि आपका सपना ही हमारा संकल्प है।"
- November 02, 2025 1:11 PM (IST) Posted by Amar Deep
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर तेज प्रताप का बयान
जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में JDU के मोकामा प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कहा, "गिरफ्तारी तो होनी ही थी। जिसके ऊपर आपराधिक मामले दर्ज हैं, वह व्यक्ति गिरफ्तार तो होगा ही।"
- November 02, 2025 12:44 PM (IST) Posted by Amar Deep
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर बोले जीनत राम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "यही है नीतीश कुमार का सुशासन। वह न किसी को बख्शते हैं, न फंसाते हैं। कानून अपना काम कर रहा है। जरूरी कार्रवाई हो रही है।"
- November 02, 2025 12:22 PM (IST) Posted by Amar Deep
जो खुद फेल हैं वो रोजगार की बात कर रहे: नरोत्तम मिश्रा
भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "पीएम मोदी जी की लहर चल रही है। बिहार में NDA सरकार आ रही है। तेजस्वी यादव के जुमलों से बिहार की जनता वाकिफ है। जो खुद फेल हैं वे रोजगार देने की बात कर रहे हैं।"
- November 02, 2025 11:34 AM (IST) Posted by Amar Deep
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर मीसा भारती ने दिया बयान
RJD सांसद मीसा भारती ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कहा, "लोगों ने मोकामा की घटना देखी, हमने 60 गाड़ियों का काफिला देखा और कैसे उन्होंने मोकामा के बाजार में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। ऐसा लगता है कि यह कार्रवाई बिहार सरकार ने नहीं की है, चुनाव आयोग जो काम करते आया है उसपर उन्हें थोड़ी सी शर्म आई है इसलिए ये कार्रवाई कराई गई है। यह कार्रवाई विपक्ष, खासकर बिहार की जनता के दबाव में की गई है।"
- November 02, 2025 11:16 AM (IST) Posted by Malaika Imam
अपराधियों को कौन संरक्षण देता है तेजस्वी जानते हैं: नित्यानंद राय
राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा एनडीए पर अपराधियों को पनाह देने के आरोप पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, "तेजस्वी जी अच्छी तरह जानते हैं कि अपराधियों को कौन संरक्षण देता है। 1990 से 2005 तक जंगल राज के दौरान अपराधी मुख्यमंत्री आवास में शरण लेते थे। भ्रष्टाचार, लूट और अपहरण का बोलबाला था और अपराधियों का स्वागत और उन्हें मंत्रियों द्वारा पनाह दी जाती थी। अपराधियों को संरक्षण देना, वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देना, लोकतंत्र का मजाक उड़ाना और गरीबों का शोषण करना, यही उन्होंने किया और अब भी कर रहे हैं।"
- November 02, 2025 10:44 AM (IST) Posted by Malaika Imam
तेजस्वी यादव जानते हैं कि वह चुने नहीं जाएंगे: सीएम फडणवीस
महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बयान पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "तेजस्वी यादव ने कम से कम 25 लोगों से वादा किया है कि वह उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाएंगे, क्योंकि तेजस्वी यादव जानते हैं कि वह चुने नहीं जाएंगे और जो चुने नहीं जाने वाले हैं, वही ऐसे वादे करते हैं। जो चुने जाने वाले हैं, उन्हें पता है कि आपको वास्तविकता का सामना करना होगा, आप जनता से झूठ नहीं बोल सकते, इसलिए वे ऐसे वादे नहीं करते।"
- November 02, 2025 9:44 AM (IST) Posted by Malaika Imam
मोकामा हत्याकांड पर दिलीप जायसवाल का बयान
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मोकामा हत्याकांड पर कहा, "बिहार में कानून का राज है और पुलिस को न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। कानून अपना काम कर रहा है, उसके बाद अदालत है और मामला अदालत में भी जाएगा। अदालत इन सब पर बारीकी से नजर रखती है और फिर उचित निर्णय लेती है।"
- November 02, 2025 7:30 AM (IST) Posted by Malaika Imam
बिहार में आज राहुल गांधी की दो चुनावी जनसभा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बिहार में दो जमसभाओं को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी आज बिहार में बेगुसराय और खगडिया में जनसभा को संबोधित करेगें।
- November 02, 2025 7:28 AM (IST) Posted by Malaika Imam
मुजफ्फरपुर और वैशाली में अमित शाह भरेंगे चुनावी हुंकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार के दो प्रमुख जिलों- मुजफ्फरपुर और वैशाली में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुजफ्फरपुर के बाद अमित शाह वैशाली जिले के महुआ में अपनी दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे।
- November 02, 2025 7:26 AM (IST) Posted by Malaika Imam
JDU उम्मीदवार अनंत सिंह गिरफ्तार
दुलारचंद यादव हत्याकांड केस में मोकामा से JDU उम्मीदवार अनंत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार की आधी रात को बाढ़ के करगिल चौक पर पुलिस ने गिरफ्तार किया।
- November 02, 2025 6:54 AM (IST) Posted by Malaika Imam
नवादा में पीएम मोदी की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के नवादा के कुंती नगर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
- November 02, 2025 6:53 AM (IST) Posted by Malaika Imam
आरा में पीएम मोदी की चुनावी रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के आरा शहर के मझौंवा हवाई अड्डा मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।