1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीतामढ़ी में पुलिस टीम पर हमला, दारोगा समेत कई जवान घायल; 7 हिरासत में

सीतामढ़ी में पुलिस टीम पर हमला, दारोगा समेत कई जवान घायल; 7 हिरासत में

सीतामढ़ी में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। मारपीट की सूचना पर पुलिस की टीम सोहरवा गांव पहुंची थी। अचानक हुए हमले में दारोगा पुनीत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

सीतामढ़ी में पुलिस टीम पर हमला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सीतामढ़ी में पुलिस टीम पर हमला

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र के सोहरवा गांव में शुक्रवार देर रात झगड़े की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले में दारोगा पुनीत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले के दौरान पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सोनबरसा थाना पुलिस के अलावा आसपास के थानों से अतिरिक्त बल और एसएसबी के जवानों को मौके पर बुलाया गया।

जानकारी के मुताबिक गांव में विवाद के बाद एक व्यक्ति ने डायल-112 पर कॉल कर अपने साथ मारपीट किए जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

घटना का वीडियो सामने आया

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और हंगामे का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी मौके से पीछे हटते और भागते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनका पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दो राउंड फायरिंग जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक स्थिति और उसमें किसकी भूमिका थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

हमले के दौरान पुलिस की गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि वाहन के आगे का लुकिंग ग्लास/विंडस्क्रीन क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके बाद गाड़ी के दरवाजे को भी तोड़ दिया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।

हमले में दारोगा पुनीत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए सोनबरसा सीएचसी ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी चोटिल होने की सूचना है।

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसबी के जवानों को भी तैनात किया गया। एएसपी आशीष आनंद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

एएसपी आशीष आनंद ने बताया कि डायल-112 की टीम को मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां टीम पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मामले में सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और पूरे विवाद के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

रिपोर्ट-सौरव, सीतामढ़ी

ये भी पढ़ें:

बाढ़ राहत के दौरान हादसा, सारण में हेलीकॉप्टर से गिराए पैकेट से लगी चोट, शख्स की मौत