A
Hindi News बिहार प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, कहा- सरकार बनने पर 60 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों को 2 हजार रुपए पेंशन देंगे

प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, कहा- सरकार बनने पर 60 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों को 2 हजार रुपए पेंशन देंगे

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के बेगूसराय में बड़ा ऐलान किया है। पीके ने कहा, 'अगर सरकार बनेगी तो 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को 2 हजार रुपए पेंशन देंगे।'

Prashant Kishor- India TV Hindi Image Source : ANI प्रशांत किशोर

बेगूसराय: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के बेगूसराय में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा, 'नीतीश कुमार पेंशन के नाम पर 400 रुपए दे रहे हैं। अगर कोई भिखारी सड़क पर भीख मांगता है तो उसे भी 400 रुपए महीने से ज्यादा मिलते होंगे। महंगाई के इस दौर में वो 400 रुपए दे रहे हैं। इसलिए तय हुआ कि छठ के बाद जब जनता की सरकार बनेगी तो दिसंबर 2025 से 60 साल से ज़्यादा उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपए पेंशन ज़रूर दी जाएगी।'

पीके ने और क्या-क्या वादा किया?

प्रशांत किशोर ने कहा, 'इस बार जब बिहार के लोग छठ पर घर आएंगे तो प्रशांत किशोर का वादा है कि 10-12 हजार रुपए के लिए तुम्हें दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। दूसरा संकल्प ये है कि अगर जनता की सरकार बनी तो जिसकी उम्र 60 साल से ज्यादा है, उसे 2 हजार रुपए पेंशन देंगे।'

प्रशांत किशोर ने कहा, 'जीवन तब सुधरेगा, जब आपके बच्चों के लिए पढ़ने की व्यवस्था हो। जब तक बच्चे पढ़ेंगे नहीं, तब तक आप गरीबी से नहीं निकल सकते। हर गरीब को ये सुविधा होगी कि आप अपने बच्चे को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाएं। इसकी फीस सरकार भरेगी।'

सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे पीके 

इससे पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर अपनी पार्टी के चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। बिहार के खगड़िया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने ये ऐलान किया।

उन्होंने कहा, 'हम 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जिसको जितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है, वह लड़े। कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है, इससे जनता को कोई लेना-देना नहीं है।'

प्रशांत किशोर ने चिराग पासवान और दूसरे नेताओं पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, 'उन्हें यह बताना चाहिए कि बिहार में बच्चों की शिक्षा कैसे होगी, बिहार से पलायन कैसे रुकेगा और बिहार में भ्रष्टाचार कैसे रुकेगा? उन्होंने कहा कि जनता ने NDA और UPA दोनों के शासन को देख लिया है।' गौरतलब है कि बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।