1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहारः स्कूल में चुपके से महिला टीचर्स की फोटो खींचता था प्रिंसिपल, मोबाइल फोन में मिली 150 तस्वीरें, जूम करके देखते हुए पकड़ा गया

बिहारः स्कूल में चुपके से महिला टीचर्स की फोटो खींचता था प्रिंसिपल, मोबाइल फोन में मिली 150 तस्वीरें, जूम करके देखते हुए पकड़ा गया

सुपौल के एक स्कूल में प्रिंसिपल का डर्टी अंदाज सामने आया है। प्रिंसिपल साजिद इकबाल कैफ़ी के मोबाइल में स्कूल की महिला टीचर्स की 150 तस्वीरें मिलीं। हंगामे के बाद फोटो डिलीट कराई गई।

पहली तस्वीर में आरोपी प्रिंसिपल- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पहली तस्वीर में आरोपी प्रिंसिपल

बिहार के सुपौल जिले के एक ट्रेनिंग स्कूल और  उसके छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया, जब संस्थान के पुरुष प्रिंसिपल के मोबाइल फोन में महिला शिक्षिकाओं की बड़ी संख्या में तस्वीरें मिलने का मामला सामने आया। घटना गुरुवार 20 फरवरी के दोपहर की है घटना के बाद शिक्षिकाओं और कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।

फोन में जूम करके फोटो देखते पकड़ा गया

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान प्रिंसिपल अपने मोबाइल फोन में एक फोटो को ज़ूम कर देख रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही एक महिला शिक्षिका की नजर उनके मोबाइल स्क्रीन पर पड़ी। स्क्रीन पर अपनी और अन्य महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें देख उन्होंने तत्काल आपत्ति जताई। इसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और अन्य शिक्षिकाएं व कर्मचारी भी मौके पर जुट गए।

मोबाइल में मिली 150 तस्वीरें

बताया जा रहा है कि आपत्ति के बाद प्रिंसिपल के मोबाइल की गैलरी की जांच की गई,जिसमें दो महिला शिक्षिकाओं की अलग-अलग एंगल से ली गई करीब 150 तस्वीरें मिलीं। इस खुलासे के बाद परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। शिक्षिकाओं ने इस पर कड़ी नाराज़गी जताई और कार्यस्थल की गरिमा एवं सुरक्षा पर सवाल उठाए। काफी देर तक चले विवाद और दबाव के बाद संबंधित तस्वीरें मोबाइल से डिलीट कर दी गईं। 

आरोपी ने महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें होने की बात कबूल की

पूछे जाने पर प्रिंसिपल साजिद इकबाल कैफ़ी ने मोबाइल में महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें होने की बात स्वीकार की। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि ये तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम से डाउनलोड की थीं और अपने फोन में रखी थीं। उनका कहना है कि हंगामा होने के बाद उन्होंने सभी तस्वीरें हटा दीं। हालांकि, इस स्पष्टीकरण से कर्मचारियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। 

डीएम के निर्देश पर की जा रही जांच

डीएम सावन कुमार ने भी इसे गंभीरता से लिया है। डीएम के निर्देश पर जांच के लिए निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा को संस्थान भेजा गया। उनके साथ एसडीपीओ राजू रंजन कुमार, बीडीओ आरुषि शर्मा,सीओ विजय प्रताप सिंह और निर्मली थाना के एसआई निहाल कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और संबंधित पक्षों से पूछताछ की। डीएम सावन कुमार ने कहा कि मामले में संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। जांचोपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसके आधार पर दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यहां देखें वीडियो

इधर, इस घटना के बाद संस्थान में महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा और कार्यस्थल की मर्यादा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए,ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जा सके। हालांकि इस पूरे मामले में आरोपी प्रिंसिपल साजिद इकबाल कैफ़ी की अब तक यह मंशा स्पष्ट नहीं हो पाई है कि आखिर उन्होंने मोबाइल में महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें किस मंशा से क्यों रखी थी? अधिकारी भी जवाब देने से बचते दिख रहे हैं।
 
रिपोर्ट- संत सरोज, सुपौल