1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मोतिहारी में भू माफिया के घर पर छापेमारी, 2 पिस्टल, 2 राइफल, 100 से ज्यादा गोली और 27 लाख कैश बरामद

मोतिहारी में भू माफिया के घर पर छापेमारी, 2 पिस्टल, 2 राइफल, 100 से ज्यादा गोली और 27 लाख कैश बरामद

बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने रियल स्टेट कारोबारी भू माफिया के घर छापेमारी की, जिसमें करोड़ों के दस्तावेज, 27 लाख कैश, 2 पिस्टल, 2 राइफल और 100 से ज्यादा गोली बरामद की हैं। छापेमारी में 6 कीमती शबार बी बोतलें भी मिली हैं।

राकेश शर्मा भू माफिया- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV राकेश शर्मा भू माफिया

बिहार पुलिस ने बड़ी करवाई करते हुए भू माफिया बरियारपुर निवासी राकेश शर्मा के कई बड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। छापेमारी में पुलिस ने करोड़ों के दस्तावेज के साथ, 2 पिस्टल, 2 राइफल, 100 से ज्यादा गोली, कीमती ब्रांडेड 6 बोतल शराब और 27 लाख कैश बरामद किया है। राकेश शर्मा का रियल स्टेट कारोबार नेपाल से लेकर पटना और मोतिहारी तक फैला हुआ है। छतौनी थाना पुलिस ने पांच थानों के सहयोग से इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

मोतिहारी में भू माफिया राकेश शर्मा के घर पर छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिला के छतौनी थाना क्षेत्र पुलिस ने भू माफिया राकेश शर्मा के घर पर देर रात छापेमारी की। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि छतौनी थाना अंतर्गत भू माफिया और अपराधी राकेश शर्मा के घर पर देर रात छापामारी की गई। जिला के तीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में और 5 थाना की टीम ने छापेमारी की, जिसमें नकदी, हथियार, कारतूस और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जमीन से जुड़े 65 से अधिक रजिस्ट्री डीड के करीब 15 करोड़ से ज्यादा कीमत के कागज बरामद हुए हैं। 

बेटे की हुई गिरफ्तारी 

छापेमारी के दौरान राकेश शर्मा अपने आवास पर नहीं था। लेकिन पुलिस ने राकेश शर्मा के बेटा साहिल शर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं राकेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मोबाइल की लोकेशन और डिटेल ट्रेस की जा रही हैं।

बिहार और नेपाल में छापेमारी जारी

आपको बता दें मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात जिले भर में अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में बरियारपुर निवासी राकेश शर्मा के रियल स्टेट के कारोबार से अकूत संपत्ति जुटाने के साथ नेपाल और बिहार के मोतिहारी में व्यवसाय की आड़ में भू माफिया का कारोबार करने की भनक लगी। जिसके बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की है।

इनपुट: अरविंद कुमार