1. Hindi News
  2. बिहार
  3. स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, मोटर साइकिल सवार 2 लोगों की मौके पर मौत, CCTV में कैद एक्सीडेंट की घटना

स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, मोटर साइकिल सवार 2 लोगों की मौके पर मौत, CCTV में कैद एक्सीडेंट की घटना

सीतामढ़ी में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दो लोगों को रौंद डाला। सीसीटीवी में एक्सीडेंट की पूरी घटना कैद हो गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई।

सीतामढ़ी में कार एक्सीडेंट- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सीतामढ़ी में कार एक्सीडेंट

बिहार के सीतामढ़ी में रोड एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। सड़क पर चल रही एक तेज रफ्तार कार बाइक को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। ये पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। ये हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख पुकार मच गई। वीडियो देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं।

घटना बैरगनिया थाना क्षेत्र के नंदवारा के पास की है जहां स्कॉर्पियो और एक बाइक की टक्कर हो गई। इस एक्सीडेंट में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान हरि लाल ठाकुर, निवासी शेखोना और मंदेश पासवान, निवासी अशोगी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दोनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

स्कोर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो अपने साथ बाइक को रौंदते हुए आगे बढ़ रही है। कार की टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क के किनारे बने बैरिकेड्स में जाकर घुल गए। बाइक पर सवार दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों को इस हादसे के बारे में जैसे ही पता लगा वो मौके पर पहुंचे और घर में कोहराम मच गया।

तेज रफ्तार में दौड़ती आ रही थी कार

जहां ये हादसा हुआ वो सिंगल रोड है। हादसा भी आबादी वाली जगह पर हुआ है। अब आप सोच सकते हैं कि दिन दहाड़े स्कॉर्पियो कितनी रफ्तार से चल रही होगी। इस घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि एक्सीडेंट के वीडियो को देखकर लग रहा है कि स्कोर्पियो सवार लोगों को ज्यादा चोटें नहीं आई होंगी, क्योंकि एक्सीडेंट के बाद कार आसानी से संभल गई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और कार सवार लोगों का पता लगा रही है। वहीं त्योहार से पहले एक साथ दो परिवार में मौत से पूरा इलाका गमगीन है।

इनपुट: सौरभ, सीतामढ़ी