1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बेटे को सांप ने डंसा, पिता ने नहीं खोया हौसला, जिंदा सांप को डिब्बे में लेकर अस्पताल पहुंचा

बेटे को सांप ने डंसा, पिता ने नहीं खोया हौसला, जिंदा सांप को डिब्बे में लेकर अस्पताल पहुंचा

सुपौल में एक बच्चे को सांप ने काट लिया, जिसके बाद पिता ने जिंदा साप को पकड़कर डब्बे में बंद कर लिया और अस्पताल लेकर पहुंच। युवक का कहना है कि सांप की प्रजाति पता होने से इलाज में मदद मिलेगी। अस्पताल में हर कई युवक के हौसले की तारीफ कर रहा है।

बेटे को सांप ने काटा, पिता ने जिंदा पकड़ा सांप- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बेटे को सांप ने काटा, पिता ने जिंदा पकड़ा सांप

बिहार के सुपौल जिले में एक बच्चे को सांप के डसने के बाद पिता की बहादुरी और सूझबूझ की चर्चा हो रही है। ये घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बभनगामा वार्ड-11 की है जहां एक 13 साल के बच्चे को सांप ने काट लिया। बच्चा घर के आंगन की ओर जा रहा था तभी मुन्ना कुमार को विषैले सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पिता विजेंद्र कुमार यादव ने घबराने के बजाय पहले बेटे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की और फिर डसने वाले सांप को भी पकड़कर डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले गए।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी विजेंद्र कुमार यादव का 13 साल का बेटा मुन्ना कुमार घर के आंगन की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक साखर सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने सांप को मौके पर देखा। लोगों की नजर पड़ते ही सांप तेजी से भागकर एक बिल में घुस गया। बेटे को सांप के डसने के बाद जहां परिजन परेशान हो गए, वहीं विजेंद्र कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ने का फैसला किया। विजेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने किसी तरह बिल से सांप को बाहर निकाला और उसे एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया। इसके बाद बेटे को लेकर त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। उनके साथ डिब्बे में बंद जिंदा सांप भी था। उनका कहना था कि बेटे को किस प्रजाति के सांप ने डसा है, इसकी सही पहचान होने से डॉक्टरों को उपचार में मदद मिल सकती है। इसी वजह से वह सांप को भी अस्पताल लेकर आए।

बेटे को काटने वाला जिंदा सांप लेकर अस्पताल पहुंचा पिता

अस्पताल पहुंचने के बाद जब परिजनों ने डिब्बा खोलकर डॉक्टरों को जिंदा सांप दिखाया तो वहां मौजूद डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी हैरान रह गए। ड्यूटी पर तैनात डॉ संजीव कुमार सुमन ने तत्काल बच्चे की जांच शुरू की। डॉक्टर ने सांप को विषैला बताया, जिसके बाद बच्चे का उपचार शुरू किया गया। डॉक्टर की टीम ने बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी। समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल उपचार मिलने के बाद मुन्ना कुमार की हालत में सुधार होने लगा। 

तत्काल इलाज से बेहतर हुई बच्चे की स्थिति

बच्चे की स्थिति बेहतर होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। इधर, बेटे को सांप के डसने के बाद घबराने के बजाय सांप को पकड़कर अस्पताल तक पहुंचाने वाले पिता विजेंद्र कुमार यादव की सूझबूझ और साहस की अस्पताल परिसर में चर्चा होती रही। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार सांप को पकड़ना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। सांप के काटने की स्थिति में किसी तरह का घरेलू उपचार करने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है।

इनपुट: संत सरोज, सुपौल