बिहार की राजधानी पटना के खाजेकला थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ले में शनिवार की देर रात करीब 2:25 बजे 60 वर्षीय महिला की जलाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रेखा देवी, पति ननकी साहनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे मामले की जांच कर रही है।
बेटे ने जलाकर मार डाला
जानकारी के मुताबिक, रेखा देवी दीवान मोहल्ले में मकान मालिक बसंत लाल के घर में रहती थीं। देर रात आग लगने की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर खाजेकला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पटना सिटी सहायक पुलिस अधीक्षक राज किशोर सिंह ने बताया कि रेखा देवी की उनके बेटे द्वारा कथित तौर पर जलाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के पीछे क्या कारण था, आग किन परिस्थितियों में लगाई गई और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बेटा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने की संभावना है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले से जुड़ी किसी भी जानकारी को जांच में उपलब्ध कराएं। फिलहाल आरोपी बेटा पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें-
मुंबई के लालबाग में गणपति पंडाल के पास हादसा, करंट लगने से दो की मौत; कई लोग घायल