A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में तेज आंधी-बारिश से डाक बंगला में पंडाल गिरा, मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए जारी किया अलर्ट

पटना में तेज आंधी-बारिश से डाक बंगला में पंडाल गिरा, मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए जारी किया अलर्ट

बिहार की राजधानी पटना में तेज आंधी-बारिश से डाक बंगला क्षेत्र का पंडाल गिर गया, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। मौसम विभाग ने बिहार में अगले 3 दिनों तक आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है, साथ ही तापमान में गिरावट की संभावना जताई है।

Patna storm news, Bihar weather alert IMD, thunderstorm Patna today- India TV Hindi
Image Source : ANI तेज आंधी-बारिश के चलते डाक बंगला क्षेत्र का एक पंडाल गिर गया।

पटना: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश के कारण डाक बंगला क्षेत्र में लगा एक पंडाल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। इस घटना में राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। सिटी एसपी (सेंट्रल) दीक्षा ने बताया कि तेज तूफान के कारण एक LED गेट टूटकर गिर गया, जिससे पंडाल को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा, 'इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। स्थिति का आकलन किया जा रहा है।' मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 3 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश आ सकती है।

कई हिस्सों में आंधी और बारिश का पूर्वानुमान

मौसम में इस बदलाव के पीछे उत्तर-पश्चिम बिहार से लेकर मणिपुर तक बनी द्रोणिका या ट्रफ लाइन का प्रभाव बताया जा रहा है। इसके साथ ही गंगीय पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और असम के ऊपर हवा का चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र बनने से पूरे क्षेत्र में मौसम अस्थिर हो गया है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक राजधानी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

अगले 24 घंटों के लिए विशेष चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर और दक्षिण बिहार के अलावा जमुई, खगड़िया, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया और सहरसा जिलों के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इन क्षेत्रों में मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को पटना और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा और काले बादलों के कारण दिन में ही शाम जैसा माहौल बन गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

अधिकतम तापमान में आ सकती है गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, शुक्रवार को दरभंगा, मुंगेर, सुपौल, पूर्णिया और किशनगंज को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 36.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि भभुआ में 38.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। राजधानी पटना में 0.6 मिमी वर्षा भी रिकॉर्ड की गई।