1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में दो नेताओं के समर्थक आपस में भिड़े, फेंक-फेंक कर मारी कुर्सियां, मंत्री जी ने मंच से की शांत रहने की अपील-VIDEO

बिहार में दो नेताओं के समर्थक आपस में भिड़े, फेंक-फेंक कर मारी कुर्सियां, मंत्री जी ने मंच से की शांत रहने की अपील-VIDEO

दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की के साथ मारपीट हुई है। कुर्सियां भी फेंक कर मारी गई है। इस घटना का वीडियो सामने आया है, जो कि जमकर वायरल हो रहा है।

कुर्सियां फेंक कर मारी गईं- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कुर्सियां फेंक कर मारी गईं

बिहार के सारण जिला के सोनपुर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब NDA के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान दो नेताओं के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों नेताओं के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की के साथ कुर्सियां फेंकी जाने लगीं। ये पूरा मामला गंगाजल स्थित उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित कार्यकर्त्ता सम्मेलन का है। 

कुर्सियां फेंक कर मारी गईं

जहां बड़ी संख्या में एनडीए के घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता जुटे थे। इसी बीच अचानक विवाद ने ऐसा रूप लिया कि कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी और कुर्सियां तक चल गईं।

किसी बात को लेकर हो गई बहस

जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता पंकज सिंह और पूर्व विधायक विनय सिंह के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। बहस धीरे-धीरे तीखी नोकझोंक में बदल गई और देखते ही देखते कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए। 

तनावपूर्ण हो गया माहौल

इस दौरान हाथापाई के साथ ही कुर्सियां भी फेंकी जाने लगीं। कुछ देर तक माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण रहा और मैदान में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। 

मंत्री ने अनुशासन बनाए रखने की अपील की

इसी दौरान राज्य सरकार के मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने मंच से माइक पर अनाउंस कर दोनों पक्षों के समर्थकों को शांत कराया। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।

दोनों नेता राजनीति में काफी लंबे समय से हैं सक्रिय

बताया जा रहा है कि सोनपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी को लेकर पंकज सिंह और विनय सिंह दोनों ही लंबे समय से सक्रिय हैं। इसी राजनीतिक खींचतान के कारण उनके समर्थक आमने-सामने आ गए।

रिपोर्ट- बिपिन श्रीवास्तव