1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या कर शव गायब करने का आरोप

पटना में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या कर शव गायब करने का आरोप

बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने उसके ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दामाद समेत अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या करने और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गायब करने का आरोप लगाया है।

पटना में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या कर शव गायब करने का आरोप- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पटना में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या कर शव गायब करने का आरोप

बिहार की राजधानी पटना में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। आलमगंज थाना क्षेत्र के चौलीटाल की रहने वाली मेधा कुमारी की मौत के मामले में उसके पिता सुरेश कुमार ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, हत्या और शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि मेधा ने गांधी सेतु से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

12 मई 2025 को हुई थी शादी

पीड़ित पिता सुरेश कुमार के अनुसार, उनकी बेटी मेधा कुमारी की शादी 12 मई 2025 को आईडीएच कॉलोनी निवासी विमल साह के बेटे राहुल कुमार के साथ हुई थी। पिता का आरोप है कि शादी के दौरान पांच लाख रुपये नकद, जेवर और अन्य सामान दिए गए थे।

दहेज में पांच लाख रुपये और मांगने का आरोप

पिता ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ ही दिनों बाद पति राहुल कुमार समेत ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। सुरेश कुमार के मुताबिक, उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर इस मांग को भी पूरा कर दिया था। इसके बावजूद बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद उन्होंने पूरे मामले पर संदेह जताया।

गांधी सेतु से कूदकर जान देने की कही गई बात

खबर के मुताबिक, 16 अक्टूबर को परिजनों को सूचना मिली कि मेधा ने गांधी सेतु के पाया संख्या 42 से कूदकर जान दे दी है। सूचना मिलने पर जब मायके वाले ससुराल पहुंचे, तो पिता के अनुसार ससुराल पक्ष के लोग दरवाजे पर बैठे थे। इसके बाद पिता ने बेटी की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस मामले में आलमगंज थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर ने बताया कि पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है। फिलहाल विवाहिता की मौत की वास्तविक परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

(रिपोर्ट - Bitu Kumar)