1. Hindi News
  2. बिहार
  3. चलती ट्रेन के AC कोच में निकला सांप, यात्रियों ने बनाया Video! मुजफ्फरपुर में 1 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, बदलना पड़ा डिब्बा

चलती ट्रेन के AC कोच में निकला सांप, यात्रियों ने बनाया Video! मुजफ्फरपुर में 1 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, बदलना पड़ा डिब्बा

जयनगर से दिल्ली जा रही ट्रेन में सांप मिलने से भारी हंगामा मच गया। जिसके चलते मुजफ्फरपुर में कोच को बदलना पड़ा। चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

यात्री ने वीडियो बनाकर रेलवे से की शिकायत - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT यात्री ने वीडियो बनाकर रेलवे से की शिकायत

बिहार के जयनगर से नई दिल्ली जा रही 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी-2 कोच में शनिवार को सांप दिखाई देने के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखने के बाद यात्री डर गए। खासकर बच्चों और परिवार के साथ सफर कर रहे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन के जयनगर से खुलने के बाद एक यात्री ने एसी-2 कोच के ऊपरी हिस्से में सांप जैसा जीव देखा। इसके बाद यात्री ने उसका वीडियो बना लिया और रेलवे सुरक्षा बल के साथ रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत की।

यात्री ने वीडियो बनाकर रेलवे से की शिकायत 

ट्रेन में सफर कर रहे यात्री अरुण ठाकुर ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि परिवार और बच्चों के साथ सफर के दौरान कोच में सांप दिखाई देने से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। यात्री के मुताबिक, उन्होंने ट्रेन के टीटी को भी इसकी जानकारी दी। उनका कहना था कि सांप अगर किसी यात्री की सीट, बर्थ या सामान के आसपास पहुंच जाए तो बड़ी घटना हो सकती है। रात के सफर में यात्रियों के बीच यह चिंता बनी रही कि आखिर सांप को कोच से कैसे बाहर निकाला जाएगा।

मुजफ्फरपुर में पहुंचते ही शुरू हुई तलाशी 

ट्रेन के मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचने के बाद रेलवे के कैरेज एंड वैगन विभाग की टीम ने संबंधित एसी कोच की सघन तलाशी ली। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोच के भीतर सांप का कोई पता नहीं चल सका। लेकिन इसके बाद भी यात्रियों का डर और हंगामा जारी रहा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने मुजफ्फरपुर स्टेशन पर A-2 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया और उसकी जगह दूसरा कोच जोड़ा गया। कोच बदलने के बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। 

सांप मिलने की घटना से रेलवे की व्यवस्था पर सवाल 

एसी कोच के भीतर सांप मिलने की घटना ने ट्रेन में साफ-सफाई और यात्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि अगर चलती ट्रेन के अंदर किसी खतरनाक जीव की मौजूदगी की शिकायत मिलती है तो रेलवे को तत्काल विशेषज्ञों की मदद से उसकी तलाश कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। फिलहाल मुजफ्फरपुर में कोच बदले जाने के बाद स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

(मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

सारण में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप, एक पटना रेफर; चाकूबाजी में 4 लोग हुए थे घायल