A
Hindi News बिहार Tarapur Chunav Result 2025: तारापुर में सम्राट चौधरी 45843 वोट से जीते, आरजेडी उम्मीदवार की करारी हार

Tarapur Chunav Result 2025: तारापुर में सम्राट चौधरी 45843 वोट से जीते, आरजेडी उम्मीदवार की करारी हार

Tarapur Bihar Election Results 2025: तारापुर में सम्राट चौधरी की जीत पहले ही तय मानी जा रही थी और उन्होंने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए 45843 वोट से जीत हासिल की।

तारापुर विधानसभा सीट।- India TV Hindi Image Source : INDIA TV तारापुर विधानसभा सीट।

बिहार की तारापुर सीट से सम्राट चौधरी ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने आरजेडी उम्मीदवार को 45843 वोट से हराया। सम्राट को कुल 122480 वोट मिले। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के अर्जुन कुमार को 76637 वोट मिले। जन सुराज के उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें सिर्फ 3898 वोट मिले। यहां पर मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच माना जा रहा था। इसके अलावा जन सुराज पार्टी और जनशक्ति जनता दल भी प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे।

तारापुर विधानसभा सीट से बीजेपी के दिग्गज नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक बार फिर जीते हैं। उनके सामने आरजेडी के अरुण कुमार और जन सुराज पार्टी के संतोष कुमार सिंह थे। इसके साथ ही तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल के सुखदेव यादव ने भी चुनौती पेश करने की कोशिश की। 

तारापुर के सियासी समीकरण?

तारापुर विधानसभा सीट की बात करें तो यहां कुल 19 चुनाव हुए हैं। कांग्रेस पार्टी पांच, जेडीयू ने छह और आरजेडी ने तीन बार जीत हासिल की है। जेडीयू दो बार समता पार्टी के नाम से जीती है। संयुक्त समाजवादी पार्टी, शोषित दल, जनता पार्टी, सीपीआई और निर्दलीय उम्मीदवार को एक-एक बार जीत मिली है। हालांकि, अकेले शकुनी चौधरी यहां से छह चुनाव जीते हैं और उनकी पत्नी एक बार जीती हैं। शकुनी ने कांग्रेस, समता पार्टी, आरजेडी और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की है।

पिछले चुनावों में क्या रहा समीकरण?

तारापुर पर पिछले मुकाबलों में समय-समय पर जेडीयू और आरजेडी का वर्चस्व रहा है, लेकिन कुशवाहा वोट हमेशा से फैसला करने वाले रहे हैं। 2021 के उपचुनाव में जेडीयू के राजीव कुमार सिंह ने 79,090 वोट (46.62%) के साथ जीत दर्ज की, जबकि आरजेडी के अरुण कुमार को 75,238 वोट (44.35%) मिले। इस उपचुनाव में जीत का अंतर महज 3,852 वोट था। 2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू के मेवालाल चौधरी ने 64,468 वोट (36.93%) लेकर आरजेडी की दिव्या प्रकाश को 7,225 वोटों से हराया। 2015 में भी मेवालाल ने 66,411 वोट (43.62%) के साथ हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के शकुनी चौधरी को 11,947 वोटों के अंतर से पराजित किया था। 2010 में जेडीयू की नीता चौधरी ने आरजेडी के शकुनी को 13,878 वोटों से शिकस्त दी थी।