पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। वहीं चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दलों के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में जुटे हुए हैं। इस बीच बिहार के पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने शनिवार को अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी के इस चुनावी वादे पर संदेह जताया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
जल्द घोषित किए जाएंगे प्रत्याशी
दरअसल, राजद से निष्कासित किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने हाल में अपनी नई पार्टी ‘जन शक्ति जनता दल’ का गठन किया है। शनिवार को तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवारों के नाम अगले दो दिनों में घोषित किए जाएंगे और यह “बड़ी घोषणा” होगी। इस दौरान पत्रकारों ने जब तेज प्रताप यादव से तेजस्वी यादव के “हर परिवार को सरकारी नौकरी” के वादे पर राय पूछा। इस सवाल पर हसनपुर के विधायक तेज प्रताप यादव ने कहा, “पहले राजद की सरकार तो बनने दें।” इसके अलावा तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं के राजद में शामिल होने के सवाल पर चुप्पी साध ली।
महुआ सीट से लड़ेंगे तेज प्रताप यादव
हालांकि तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी की योजनाओं को लेकर कहा कि “परसों आप बड़ी घोषणा सुनेंगे। मेरी पार्टी के उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।” इसके अलावा हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से संभावित गठबंधन के सवाल पर तेज प्रताप यादव ने सीधे जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा, “सभी प्रकार की पार्टियों से बात चल रही है, समय आने पर सबको पता चल जाएगा।” जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि वह किस सीट से चुनाव लड़ना चाहेंगे, तो तेजप्रताप ने तीखे लहजे में कहा, “मैं पहले ही कह चुका हूं कि मैं अपनी पुरानी सीट महुआ से चुनाव लड़ूंगा।” (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
जेल में बड़ा खेल! कैदी ने रिहाई के बाद कारागार के खाते से उड़ाए 30 लाख रुपये; अधिकारियों के उड़े होश
मां ने चार बच्चों के साथ खाया जहर, सभी की मौत; कमरे से मिले जहर के 10 पैकेट