1. Hindi News
  2. बिहार
  3. तेजस्वी या तेज प्रताप, कौन है ज्यादा अमीर, देखें लालू यादव के दोनों बेटों की संपत्ति का ब्योरा

तेजस्वी या तेज प्रताप, कौन है ज्यादा अमीर, देखें लालू यादव के दोनों बेटों की संपत्ति का ब्योरा

तेजस्वी यादव अपने बढ़े भाई तेज प्रताप यादव से ढाई गुना ज्यादा अमीर हैं। हालांकि, लालू के दोनों बेटे करोड़पति हैं, लेकिन तेजस्वी के पास ज्यादा पैसा है।

tejashwi yadav and tej pratap yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI तेजस्वी यादव (बाएं), तेज प्रताप यादव (दाएं)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में दोनों दौर का नामांकन पूरा हो चुका है। इसी के साथ सभी पार्टियों के उम्मीदवारों के नाम सामने आ चुके हैं और इन उम्मीदवारों की संपत्तियों का भी खुलासा हो चुका है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के दोनों बेटे चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, दोनों की संपत्ति में खासा अंतर हैं। लालू के छोटे बेटे और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने बड़े भाई तेज प्रताप यादव से ढाई गुना ज्यादा अमीर हैं।

चुनावी हलफनामे के अनुसार तेज प्रताप यादव की कुल संपत्ति लगभग ₹2.88 करोड़ है। वहीं, तेजस्वी यादव के पास करीब 8.1 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है।

तेज प्रताप की संपत्ति का विवरण

तेज प्रताप यादव के पास कुल ₹91,65,629 चल संपत्ति है। वहीं, उनके पास ₹1,96,47,914 अचल संपत्ति है। उनकी कुल संपत्ति ₹2,88,13,543.49 (लगभग ₹2.88 करोड़) है। साल 2024–25 में तेज प्रताप की आय ₹22,93,254 रुपये रही। इसमें से ₹22,67,919 धारा 10(17) के अंतर्गत कर-मुक्त है। हालांकि, उनके ऊपर कोई कर्ज नहीं है।

तेजस्वी यादव की संपत्ति का विवरण

तेजस्वी यादव के पास करीब 8.1 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री उर्फ रैचेल आयरिस गोडिन्हो के पास 1.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तेजस्वी यादव के पास 6.12 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 1.88 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी राजश्री के पास 59.69 लाख रुपए मूल्य की अचल संपत्ति है। तेजस्वी के पास 1.5 लाख रुपए नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास एक लाख रुपए नकद हैं।

तेजस्वी पर कितना कर्ज?

तेजस्वी के नाम पर कई बैंक खाते हैं और उन पर 55.55 लाख रुपए की देनदारी (कर्ज) है। ये देनदारियां उनके भाई तेज प्रताप यादव और मां राबड़ी देवी के साथ लिए गए संयुक्त ऋणों का हिस्सा हैं। तेजस्वी यादव से संबंधित कुल सरकारी बकाया 1.35 करोड़ रुपए बताया गया है। तेजस्वी ने शपथपत्र में खुलासा किया कि उनके पास 200 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 480 ग्राम सोना और दो किलोग्राम चांदी है।

यह भी पढ़ें-

शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब के पास कितनी संपत्ति? चुनावी हलफनामे में हुआ खुलासा

देर आए दुरुस्त आए, पहले रार फिर क्यों उमड़ा प्यार, महागठबंधन में कैसे बन गई बात, पढ़ें इनसाइड स्टोरी