1. Hindi News
  2. बिहार
  3. एनएच 27 पर कपड़ा व्यवसायी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 राउंड गोलियां चलाकर फरार हुए अपराधी

एनएच 27 पर कपड़ा व्यवसायी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 राउंड गोलियां चलाकर फरार हुए अपराधी

राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। अज्ञात बदमाशों ने एक कपड़ा व्यवसायी को निशाना बनाते हुए उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने बैक-टू-बैक तीन राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से तेजी से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एनएच 27 पर कपड़ा व्यवसायी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV एनएच 27 पर कपड़ा व्यवसायी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग

बिहार के सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार की रात राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक कपड़ा व्यवसायी की कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी गई। गोलीबारी की यह घटना भपटियाही थाना क्षेत्र के माकर गढ़िया के समीप की बताई जा रही है। घटना के दौरान कार सवार व्यवसायी बाल-बाल बच गए। गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार करजाइन बाजार निवासी कपड़ा व्यवसायी महेश आनंद मंगलवार की रात सुपौल से अपना व्यवसायिक काम निपटाकर इनोवा कार से करजाइन स्थित अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि रात करीब साढ़े नौ से 10 बजे के बीच जैसे ही उनकी कार नारायणपुर के नजदीक माकर गढ़िया स्थित एनएच-27 पर पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी कार को निशाना बनाकर लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से घबराए व्यवसायी,नहीं रोकी कार
अचानक हुई गोलीबारी से व्यवसायी घबरा गए। हालांकि उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए कार को रोकने के बजाय तेज गति से आगे बढ़ाया और सीधे सिमराही बाजार पहुंचे। वहां उन्होंने राघोपुर थाना पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही सिमराही मुख्य चौक पर मौजूद राघोपुर थाना की गश्ती टीम ने व्यवसायी से पूछताछ की। व्यवसायी की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से एक जवान को उनकी कार में बैठाया और गश्ती वाहन को साथ लेकर उन्हें सुरक्षित करजाइन बाजार स्थित घर तक पहुंचाया।

मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस
फायरिंग की गंभीर घटना की जानकारी मिलते ही करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय और भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने माकर गढ़िया के समीप एनएच-27 पर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अपराधियों ने किस जगह से व्यवसायी की कार पर फायरिंग की और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।

व्यवसायी ने बताई पूरी घटना
व्यवसायी महेश आनंद ने पुलिस को बताया कि वह सुपौल से करजाइन लौट रहे थे। माकर गढ़िया के पास पहुंचते ही अचानक उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने वाहन नहीं रोका और किसी तरह वहां से निकलकर सिमराही पहुंचे।

रंगदारी से लेकर लूट तक,हर एंगल पर जांच
भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि व्यवसायी की कार पर तीन राउंड फायरिंग की गई है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फायरिंग के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश, रंगदारी, लूट के प्रयास समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों की मदद ली जा रही है।

एनएच-27 पर फायरिंग से व्यापारियों में दहशत
एनएच-27 पर कपड़ा व्यवसायी की कार पर फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य सड़क पर इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के इलाकों में जांच और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही गोलीबारी की वास्तविक वजह और इसमें शामिल अपराधियों का पता चल सकेगा।

(रिपोर्ट - Sant Saroj)