1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुंगेर में दुनिया की सबसे लंबी कांवड़, एकसाथ 30 कांवड़िए दे रहे कंधा

मुंगेर में दुनिया की सबसे लंबी कांवड़, एकसाथ 30 कांवड़िए दे रहे कंधा

मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर आपने अब तक कई विशाल कांवड़ देखी होंगी । लेकिन आज जो कांवड़ हम आपको दिखाने जा रहे हैं, उसकी लंबाई सुनकर आप भी चौंक जाएंगे।

मुंगेर में दुनिया की सबसे लंबी कांवड़, एकसाथ 30 कांवड़िए दे रहे कंधा- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मुंगेर में दुनिया की सबसे लंबी कांवड़, एकसाथ 30 कांवड़िए दे रहे कंधा

पवित्र श्रावण मास के दौरान बिहार के मुंगेर जिले का कच्ची कांवड़िया पथ ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के नारों से गुंजायमान है। सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के बीच इस साल एक अत्यंत भव्य और अनूठी कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पटना के कंकड़बाग से करीब 60 कांवरियों का जत्था इस अनोखी कांवड़ को लेकर सुल्तानगंज से देवघर की पैदल यात्रा पर निकला है। इस कांवड़ की लंबाई जानकर हर कोई हैरान है। 108 फीट लंबी कांवड़ इस वक्त आकर्षण का केंद्र बनी है।  दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया की सबसे लंबी कांवड़ों में से एक है, और संभव है कि यह दुनिया की सबसे लंबी कांवड़ भी हो। 

इस कांवड़ को देख हर कोई दंग
ये तस्वीरें मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ की हैं जहां हर दिन आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। लेकिन आज सड़क पर निकली इस 108 फीट लंबी कांवड़ ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। कांवड़ को लेकर चल रहा है पटना के कंकड़बाग स्थित शिव मंदिर जोगीपुर कांवरिया संघ का करीब 60 सदस्यीय जत्था। सुल्तानगंज में मां गंगा का पवित्र जल भरा  और फिर शुरू हुई बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर कठिन पैदल यात्रा। लेकिन इस यात्रा की सबसे बड़ी खासियत है ये विशाल कांवड़। 108 फीट लंबी कांवड़ का आकार इतना विशाल है कि इसे एक साथ करीब 30 कांवरिया कंधा देकर आगे बढ़ा रहे हैं। जिधर से ये कांवड़ गुजरती है । लोगों की नजरें वहीं थम जाती हैं। कोई मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगता है ,कोई तस्वीर खींचता है, तो कोई बोल बम के जयकारे के साथ इस अनोखी आस्था को सलाम करता नजर आता है। 

कांवड़ियों ने कही ये बात
कांवड़ियों का कहना है कि वे पिछले 15 साल से बाबाधाम अनोख अनोखे कांवड़ ले कर जा रहे है  इस बार मन में कुछ अलग करने की इच्छा थी। इसी सोच के साथ 108 फीट की कांवड़ तैयार की गई और संकल्प लिया गया कि इसे लेकर बाबा बैद्यनाथ के दरबार तक पहुंचेंगे। मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर अब तक 5 फीट से लेकर 51 और 54 फीट तक की विशाल कांवड़ आकर्षण का केंद्र रही हैं । लेकिन 108 फीट की ये कांवड़ उन सभी से कहीं आगे नजर आ रही है। और अब सवाल ये है कि क्या ये वाकई दुनिया की सबसे लंबी कांवड़ है? इस दावे की आधिकारिक पुष्टि भले अभी बाकी हो लेकिन आकार और लंबाई को देखकर इसे विश्व की सबसे लंबी कांवड़ों में शामिल किए जाने की संभावना जरूर जताई जा रही है। यानी इस बार मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर सिर्फ कांवरियों की आस्था नहीं चल रही बल्कि 108 फीट लंबी आस्था की एक ऐसी तस्वीर चल रही है, जिसे देखने के लिए हर कोई रुक जा रहा है। कंधे पर 108 फीट की कांवड़ जुबां पर बोल बम  और आंखों में सिर्फ एक मंजिल  बाबा बैद्यनाथ का दरबार। पटना से निकला ये 60 कांवरियों का जत्था अब 108 फीट की इस विशाल कांवड़ के साथ देवघर की ओर बढ़ रहा है और मुंगेर का कच्ची कांवरिया पथ इस वक्त इस अनोखी कांवड़ के कारण सुर्खियों में है।

(रिपोर्ट -इम्तियाज खान)