1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शिक्षक भर्ती के वॉक-इन इंटरव्यू में उमड़ी हजारों की भीड़, मधुबनी में अफरातफरी और सड़क जाम

शिक्षक भर्ती के वॉक-इन इंटरव्यू में उमड़ी हजारों की भीड़, मधुबनी में अफरातफरी और सड़क जाम

मधुबनी में शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोजित वॉक-इन इंटरव्यू में भारी अव्यवस्था देखने को मिली, जिससे छात्रों और आवेदकों को काफी परेशानी हुई। इतनी ज्यादा संख्या में लोगों के पहुंचने से स्कूल के सामने वाली सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात बाधित रहा।

मधुबनी शिक्षक भर्ती इंटरव्यू- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मधुबनी शिक्षक भर्ती इंटरव्यू

बिहार के मधुबनी में केंद्रीय विद्यालय मधुबनी और झंझारपुर में शिक्षक चयन के लिए आयोजित वॉक-इन इंटरव्यू के दौरान मंगलवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने से जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि स्कूल के सामने मुख्य सड़क पर जाम लग गया और घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा।

शिक्षक भर्ती के लिए पहुंचे हजारों छात्र

दरअसल, केंद्रीय विद्यालय मधुबनी और झंझारपुर में प्राथमिक शिक्षक, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर, म्यूजिक कोच और बाल वाटिका शिक्षक समेत कई पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति के लिए वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन किया गया था। विज्ञापन के अनुसार अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन के बाद प्रमाणपत्रों की जांच और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी की जानी थी। इंटरव्यू में शामिल होने के लिए मधुबनी के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच गए। देखते ही देखते जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।

इंटरव्यू के लिए नहीं थी उचित व्यवस्था

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उनसे आवेदन फॉर्म तो ले लिया गया, लेकिन उसकी कोई रिसीविंग नहीं दी गई। उन्हें आगे की जानकारी KVS पोर्टल के माध्यम से मिलने की बात कही गई। इस व्यवस्था को लेकर कई अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही। उनका कहना था कि आवेदन जमा होने की पुष्टि नहीं मिलने से उन्हें आगे की प्रक्रिया को लेकर चिंता है।

भीड़ से परेशान हुए छात्र और जाम हुई सड़क

वहीं, अभ्यर्थियों की भीड़ का असर स्कूल परिसर के बाहर भी देखने को मिला। मुख्य सड़क पर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। घंटों तक सड़क पर जाम लगा रहा, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी परेशानी हुई। अव्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी है। कुछ अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में युवा ऐसे इंटरव्यू में पहुंच रहे हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया के लिए बेहतर प्रबंधन, पर्याप्त काउंटर और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था जरूरी है। फिलहाल, इंटरव्यू के दौरान हुई अव्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।

इनपुट: राघव मिश्रा (मधुबनी)