A
Hindi News बिहार बिहार: DGP बनकर खगड़िया SP से मांगे जा रहे थे पैसे, पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

बिहार: DGP बनकर खगड़िया SP से मांगे जा रहे थे पैसे, पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

डीजीपी विनय कुमार बनकर एसपी से पैसे मांगने की बात पूरे पुलिस महकमे में फैल गई। पुलिस की टीम ने इस मामले में जांच की है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने कथित तौर पर पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार के नाम पर खगड़िया पुलिस अधीक्षक (SP) राकेश कुमार को व्हाट्सऐप संदेश भेजकर पैसे मांगने के आरोप में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी। 

बैंक खाता और यूपीआई के जरिये पैसे की मांग की

साइबर उपाधीक्षक (DSP) निशांत गौरव ने सोमवार को बताया कि एसपी राकेश कुमार के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप संदेश आया, जिसमें खुद को डीजीपी बताने वाले व्यक्ति ने बैंक खाता और यूपीआई के जरिये पैसे की मांग की। 

बार-बार पैसे की मांग को बढ़ा रहा था आरोपी

गौरव ने कहा कि आरोपी बार-बार पैसे की मांग कर रहा था और मांग की राशि बढ़ा रहा था। एसपी राकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया और साइबर डीएसपी निशांत गौरव के नेतृत्व में उप निरीक्षक चंद्रकांत कुमार और सिपाही गुलशन कुमार ने जांच शुरू की। 

साइबर ठगी मामले में हुईं 2 गिरफ्तारियां

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद करते हुए मधुकांत कुमार और निखिल कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)