बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा स्थित रामनगर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खटौरी गांव के पास दोन कैनाल में जलभरी करने पहुंचे श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कलश यात्रा निकालकर दोन कैनाल पहुंचे थे
बताया जा रहा है कि नवरात्रि के पहले दिन भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के ग्रामीण मंदिर में कलश स्थापना को लेकर कलश यात्रा निकालकर जलभरी करने दोन कैनाल पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रॉली पर खड़ा एक बच्चा झंडे के साथ 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। इसके बाद ट्रॉली पर सवार अन्य बच्चे भी करंट की चपेट में आ गए।
झुलसे बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया
इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई जबकि झुलसे बच्चों को इलाज के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता दो गांवों को जोड़ता है और यहां 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
मृतक बच्चों के परिवार में पसरा मातम
रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जबकि दो बच्चों की मौत हो गई है। नवरात्रि के पहले दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
बगहा से अमित कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें
पटना में पिता पर बेटे और बहू को तलवार से घायल करने का आरोप, दोनों अस्पताल में भर्ती