रोहतास: बिहार के सासाराम में शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आ गया। मंगलवार को परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने के दावे के बाद नाराज छात्रों ने बुधवार को छात्रावास के किचन का ताला तोड़ दिया। किचन के अंदर फ्रीजर में रात की बची सब्जी, चिकन समेत कई खाद्य सामग्री रखे होने की बात सामने आने के बाद छात्रों ने जमकर हंगामा किया।
भोजन में कीड़ा मिलने के दावे के बाद बढ़ा छात्रों का आक्रोश
छात्रों के अनुसार, मंगलवार को छात्रावास में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने के बाद उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठाए थे। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में भोजन तैयार करने और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने के मामले में लगातार लापरवाही बरती जा रही है।
मामले को लेकर छात्रों में पहले से नाराजगी थी। बुधवार को जब छात्रों ने किचन की स्थिति देखने का प्रयास किया तो वहां ताला बंद मिला। इसके बाद छात्रों ने किचन का ताला तोड़ दिया और अंदर रखी खाद्य सामग्री को देखा।
किचन में रखी खाद्य सामग्री का VIDEO बनाकर सोशल मीडिया पर किया प्रसारित
किचन के अंदर फ्रीजर में रखी खाद्य सामग्री को लेकर छात्रों ने सवाल उठाए। छात्रों ने वहां मौजूद सामान का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद छात्रावास में भोजन की व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई।
छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के रखरखाव और किचन की साफ-सफाई की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का जोखिम न हो।
वायरल VIDEO की पुष्टि नहीं
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रही खाद्य सामग्री कब की है, उसे फ्रीजर में किस उद्देश्य से रखा गया था और उसके रखरखाव की निर्धारित प्रक्रिया क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
ऐसे में वायरल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय जांच रिपोर्ट का इंतजार करना जरूरी है। खाद्य सामग्री की वास्तविक स्थिति और भोजन की गुणवत्ता से जुड़े आरोप जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
पटना से जांच के लिए गठित की गई टीम
मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई। इस संबंध में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज उनके अधिकार क्षेत्र से अलग है। हालांकि, कॉलेज के प्राचार्य की ओर से सूचना दिए जाने के बाद मामले की जांच के लिए पटना से टीम गठित की गई है।
जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
अब सभी की नजर जांच टीम की रिपोर्ट पर है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि छात्रावास में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता कैसी थी, किचन में रखी खाद्य सामग्री की स्थिति क्या थी और छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
फिलहाल छात्रों के हंगामे और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास में भोजन की व्यवस्था और किचन के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
इससे पहले पटना में छात्रों ने हंगामा किया था और अपनी मांगों को लेकर सीएम आवास के घेराव की कोशिश की थी। इस दौरान बैरिकेडिंग तोड़ी गई थी और पुलिस के साथ झड़प हुई थी। (रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें-
CM सम्राट चौधरी ने किया 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का शुभारंभ, 30 दिन के भीतर होगा छात्रों की समस्याओं का निराकरण