पटना: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह आए तेज आंधी-तूफान और बारिश का असर रेल परिचालन पर भी देखने को मिला। पटना से हावड़ा जाने वाली 22348 वंदे भारत एक्सप्रेस अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई, जिसके बाद ट्रेन को करीब 2 घंटे तक पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर खड़ा रखना पड़ा। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बिजली लाइन में फंसा फ्लेक्स बैनर और कपड़ा
जानकारी के मुताबिक, पटना से कोलकाता के लिए रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे ही गुलजारबाग इलाके के पास पहुंची, उसी समय तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। आंधी के कारण एक फ्लेक्स बैनर और कपड़ा उड़कर ट्रेन के पेंटोग्राफ और बिजली सप्लाई लाइन में फंस गया। इसके चलते ट्रेन की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई और तकनीकी खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि ट्रेन के ऊपर से चिंगारी भी निकलने लगी थी। स्थिति को गंभीर होते देख लोको पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और किसी बड़े हादसे से बचने के लिए ट्रेन को धीरे-धीरे खींचकर पटना साहिब स्टेशन तक पहुंचाया।
फंसे हुए फ्लेक्स और कपड़े को हटाया गया
हालात को देखते हुए सुबह करीब 8:15 बजे ट्रेन को स्टेशन पर रोक दिया गया। इस मामले को लेकर पटना साहिब स्टेशन के स्टेशन मास्टर उपेंद्र कुमार ने बताया कि तेज आंधी के कारण गुलजारबाग स्टेशन के पास एक फ्लेक्स बैनर उड़कर ट्रेन की छत पर लगे मैन पावर बिजली सप्लाई सिस्टम के पास फंस गया था। इससे पेंटोग्राफ में तकनीकी खराबी आ गई, जो इंजन को बिजली सप्लाई करता है। इसकी सूचना तुरंत रेलवे विभाग को दी गई, जिसके बाद टीआरडी विभाग के इंजीनियर मौके पर पहुंचे। रेलवे की तकनीकी टीम ने सीढ़ी लगाकर ट्रेन के ऊपर चढ़कर फंसे हुए फ्लेक्स और कपड़े को हटाया।
2 घंटे की मशक्कत के बाद दूर हुई समस्या
कपड़े को हटाने के बाद तकनीकी जांच और मरम्मत का काम किया गया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद समस्या को दूर किया गया और सुबह 10:15 बजे के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में बेचैनी और चिंता का माहौल बना रहा। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें कोलकाता पहुंचकर फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन ट्रेन के लंबे समय तक रुके रहने के कारण उनकी चिंता बढ़ गई। कुछ यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर समय पर सही जानकारी नहीं देने का आरोप भी लगाया।
पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही घटना
वहीं इस मामले को लेकर पटना साहिब GRP प्रभारी ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे कुछ समय के लिए रोका गया था। उन्होंने कहा कि रेलवे की तकनीकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या को दूर किया, जिससे स्थिति सामान्य हो सकी। तेज आंधी और बारिश के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रभावित होने की यह घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। (रिपोर्ट: बिट्टू कुमार)