1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के पटना में ASI का शर्टलेस होकर पीड़ित की फरियाद सुनने का VIDEO वायरल, SP ने किया निलंबित

बिहार के पटना में ASI का शर्टलेस होकर पीड़ित की फरियाद सुनने का VIDEO वायरल, SP ने किया निलंबित

बिहार के पटना में एक ASI को अपने व्यवहार की वजह से निलंबित कर दिया गया है। ASI शर्टलेस होकर पीड़ित की फरियाद सुन रहे थे।

Patna- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ASI निलंबित

पटना: बिहार के पटना में एक ASI का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। दरअसल ASI अंजनी कुमार ड्यूटी के दौरान शर्टलेस होकर एक पीड़ित की फरियाद सुन रहे थे। इसका वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद पटना के ग्रामीण SP कुंदन कुमार ने ASI को निलंबित कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

बिहार की राजधानी पटना के अथमलगोला थाना से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला 15 जुलाई 2026 दिन  बुधवार को सामने आया है। थाने में तैनात सहायक पुलिस सब इंस्पेक्टर (ASI) अंजनी कुमार का ड्यूटी के दौरान अर्धनग्न अवस्था में फरियादियों की शिकायत सुनने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। 

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) कुंदन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को ASI अंजनी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जानकारी के अनुसार, अथमलगोला थाना में तैनात ASI अंजनी कुमार ड्यूटी के दौरान वर्दी के बजाय अर्धनग्न अवस्था में थाना परिसर में मौजूद थे। 

इसी दौरान वे थाने पहुंचे पीड़ित परिवारों की शिकायतें सुन रहे थे और उनसे बातचीत कर रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम का किसी  ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस कर्मी के आचरण पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे पुलिस अनुशासन और सेवा मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की। मामला जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया, तत्काल इसकी जांच कराई गई।

प्रारंभिक जांच में वायरल वीडियो को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद ग्रामीण SP कुंदन कुमार  ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी से मर्यादित और अनुशासित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। इस प्रकार की हरकत पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करती है और जनता के बीच गलत संदेश देती है।

इसी आधार पर ASI अंजनी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच भी कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर पुलिसकर्मियों के आचरण और अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आम लोगों का कहना है कि थाने में न्याय की उम्मीद लेकर आने वाले फरियादियों के सामने इस तरह का व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि पुलिस की गरिमा और वर्दी की प्रतिष्ठा के भी विपरीत है।

इससे पहले बिहार में एक दारोगा का शराब पीते हुए वीडियो वायरल हो गया था। (रिपोर्ट- पटना से बिट्टू कुमार)

ये भी पढ़ें

बिहार में ताजिया जुलूस में तलवारबाजी करने वाले दारोगा को SSP ने किया लाइन हाजिर, VIDEO हुआ था वायरल