बिहार के मुंगेर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर सवार दो नाबालिग घायल हो गए। घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के सफियाबाद हवाई अड्डे के रनवे की है। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर चार नाबालिग सवार थे। तेज रफ्तार होने के कारण स्कूटी अनियंत्रित हो गई और इवनिंग वॉक कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
मृत महिला की पहचान बेगमपुर विदवारा निवासी आशरा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आशरा देवी रोज की तरह बुधवार को शाम के समय टहलने के लिए सफियाबाद हवाई अड्डे के रनवे की ओर गई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में घायल दोनों नाबालिगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, स्कूटी पर सवार चारों नाबालिगों की उम्र और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पिता की स्कूटी लेकर निकला था नाबालिग
परिजनों के अनुसार, स्कूटी चलाने वाले नाबालिग की मां की तबीयत खराब है और उनका इलाज भागलपुर में चल रहा है। बुधवार सुबह उसके पिता राजीव रंजन अपनी पत्नी को देखने भागलपुर गए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद नाबालिग ने पिता की स्कूटी निकाल ली और अपने चार साथियों के साथ हवाई अड्डे से घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित हो गई और रास्ते में इवनिंग वॉक कर रही आशरा देवी को टक्कर मार दी।
दूसरों के घर काम कर चलाती थीं परिवार
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि आशरा देवी के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद वह दूसरों के घरों में चौका-बर्तन का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
''मजा लीजिए...आप लोगों ने इतना बढ़िया मुख्यमंत्री चुना है...'', सम्राट चौधरी के क्राइम और अपराध वाले बयान पर प्रशांत किशोर का तंज