A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में महिला का गला रेत शव बरामद, पुलिस ने एक शख्स को किया गिरफ्तार

पटना में महिला का गला रेत शव बरामद, पुलिस ने एक शख्स को किया गिरफ्तार

पटना में किराए के मकान में रहने वाली एक युवती का गला रेता हुआ शव बरामद हुआ है। घटनास्थल पर जब पुलिस की टीम पहुंची तो उन्होंने पाया कि महिला के शरीर का उपरी हिस्सा भी जला हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

womans body was found in Patna with her throat slit police arrested one person- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। इसे लेकर बिहार पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पटना में 28 वर्षीय महिला का गला रेता हुआ शव उसके किराए के घर में मिला। देखने पर पता चला कि शव आंशिक रूप से जला हुआ था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी और आरोपी उसे जानता था। पुलिस अधीक्षक (मध्य पटना) स्वीटी सहरावत ने संवाददाताओं से बात करते हुए बताया, गुरुवार की शाम को हमें सूचना मिली कि श्री कृष्णापुरी इलाके में एक अपार्टमेंट के फर्श पर एक महिला का शव पड़ा है। पुलिस ने उसे खून से लथपथ पाया। 

आरोपी ने हत्या की बात कबूली

उन्होंने बताया कि महिला के शरीर का ऊपरी हिस्सा जला हुआ था। इसके अलावा घटनास्थल पर एक एलपीजी सिलेंडर भी पड़ा था। इसके बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य इकट्ठा किए। सहरावत ने कहा कि जांच में पता चला कि महिला मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी और वह पटना में अकेली रहती थी। पुलिस ने अपार्टमेंट ब्लॉक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और पाया कि सूरज कुमार नामक व्यक्ति आखिरी बार उसके फ्लैट पर आया था। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'उसे हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली।'

पुलिस अधीक्षक ने कही जांच है जारी

सहरावत ने कहा कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महिला को बचपन से जानता था और वे अक्सर मिलते थे, लेकिन किसी मुद्दे पर विवाद के बाद उसने कैंची से उसका गला काट दिया। अधिकारी ने कहा कि उसने उसके शरीर को एलपीजी सिलेंडर से जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की और फिर भाग गया। एसपी ने कहा कि आगे की जांच जारी है। बता दें कि इससे पहले बिहार के बांका में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। विवाद बढ़ने पर दो गांव के लोगों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। इस घटना में एक व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया।

(इनपुट-भाषा)