"विकास बनाम बुर्के की नई शरारत", CM योगी का बिहार में महागठबंधन पर तीखा हमला, राम मंदिर पर भी बोले
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान विपक्षी दलों पर ‘घुसपैठियों’ के जरिये फर्जी मतदान करवाने की मंशा रखने का आरोप भी लगाया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस एवं उनके अन्य सहयोगी दल मतदान केंद्रों पर बुर्का पहनी महिलाओं की पहचान करने से संबंधित निर्वाचन आयोग के निर्देशों का विरोध कर "विकास बनाम बुर्के" की नई शरारत कर रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार में उतरे आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर ‘घुसपैठियों’ के जरिये फर्जी मतदान करवाने की मंशा रखने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, "बिहार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के शासन में विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। बिहार की एक विकास को बाधित करने के लिए कांग्रेस, राजद और उनके सहयोगी दलों ने एक नई शरारत शुरू की है। यह विकास बनाम बुर्के की शरारत है।"
"फर्जी मतदाताओं को वोट डालने दिया जाना चाहिए?"
पटना के बाहरी इलाके दानापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, “क्या फर्जी मतदाताओं को वोट डालने दिया जाना चाहिए? कांग्रेस और राजद यही चाहते हैं, इसलिए बुर्के को लेकर इतना हंगामा मचा रहे हैं। यही कारण है कि वे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) का भी विरोध करते रहे हैं, क्योंकि वे पुराने बैलेट पेपर के उस दौर को वापस लाना चाहते हैं, जिसमें उनके गुर्गे बूथ लूट सकते थे।"
अयोध्या-सीतामढ़ी का जुड़ाव
उत्तर प्रदेश और बिहार के सांस्कृतिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद अब सीतामढ़ी का भी कायाकल्प किया जा रहा है और दोनों स्थलों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने पर भी काम चल रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र किया और कहा कि राज्य जिन माफियाओं का सफाया किया गया, वे राजद के “साझेदार” थे।
जेपी की विरासत को भुलाने का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने राजद पर कांग्रेस की "गोद में बैठकर" जयप्रकाश नारायण (जेपी) की विचारधारा को भुलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत जेपी के आंदोलन से की थी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी जेपी की विरासत की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार आने के बाद ही जेपी के जन्मस्थान पर उनके नाम से बने अस्पताल का कायाकल्प हुआ।
राम मंदिर और माता जानकी का मंदिर
बिहार के सहरसा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर भी महागठबंधन को घेरा। उन्होंने कहा, "कांग्रेस और राजद के लोग हमेशा हमसे सवाल करते थे कि क्या राम मंदिर बनेगा, और हमने हमेशा कहा कि यह निश्चित रूप से बनेगा। अयोध्या में राम लला का मंदिर बन गया है, और बिहार में भी माता जानकी का भव्य मंदिर बन रहा है।" (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
भाई तेज प्रताप ने किया नामांकन तो बहन रोहिणी आचार्य से रहा नहीं गया, कर दिया कमेंट
