A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. युवक को खंभे पर चढ़ाया और चालू कर दी लाइन, करंट लगने से मौत, ग्रामीणों ने JE को पुलिस के सामने पीटा

युवक को खंभे पर चढ़ाया और चालू कर दी लाइन, करंट लगने से मौत, ग्रामीणों ने JE को पुलिस के सामने पीटा

करंट लगने से युवक की मौत हो गई। इसके बाद गांव के लोगों ने उसके लिए मुआवजे की मांग की है। मृतक चार बेटियों का पिता था, लेकिन जेई की लापरवाही के कारण लड़कियां अनाथ हो गई हैं।

Villegers beat JE- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ग्रामीणों ने जेई को पीटा

 

बिहार के सीतामढ़ी में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद गांव के लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों के कहने पर मृतक खंभे पर चढ़ा था। वह बिजली के तार ठीक कर रहा था। इसी बीच लाइन चालू कर दी गई और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव के लोग भड़क गए और पुलिसकर्मियों के सामने जेई को पीट दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी जूनियर इंजीनियर को बचाने की कोशिश करते रहे पर गांव के लोगों के सामने उनकी एक न चली। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों की भीड़ पुलिस से छीनकर जेई को कब्जे में ले लेती है और उसके साथ मारपीट करती है।

सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के बाद हालात बेकाबू हो गए। लाइनमैन बिंदेश्वर शाह की करंट लगने से मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मौके पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

शटडाउन के बावजूद चालू की लाइन

जानकारी के अनुसार, बिंदेश्वर शाह बिजली मरम्मत के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने काम शुरू करने से पहले आधिकारिक तौर पर शटडाउन भी लिया था। इसके बावजूद अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क जाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान जब विभाग के जेई मौके पर पहुंचे, तो गुस्साई भीड़ ने उनकी पिटाई कर दी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही। फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

(सीतामढ़ी से सौरभ की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

जेल से बाहर आए अनंत सिंह, समर्थकों ने किया ग्रैंड वेलकम; कल मोकामा में करेंगे रोड शो

सम्राट चौधरी ने चाणक्य और अशोक से की नीतीश कुमार की तुलना, जमकर की तारीफ; देखें VIDEO