1. Hindi News
  2. बिहार
  3. युवक ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग, हादसे में दोनों पैर कटे, आर्थिक तंगी और तनाव से परेशान था

युवक ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग, हादसे में दोनों पैर कटे, आर्थिक तंगी और तनाव से परेशान था

गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में सासामुसा रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान देने की कोशिश की। इस हादसे में युवक की जान तो बच गई लेकिन दोनों पैर कट गए। आर्थिक तंगी और तनाव से युवक परेशान था।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV प्रतीकात्मक तस्वीर

बिहार के गोपालगंज से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पारिवारिक विवाद, आर्थिक तंगी और तनाव से परेशान एक 29 साल के युवक ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। गंभीर हालत में युवक को सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह दर्दनाक घटना गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित सासामुसा रेलवे स्टेशन के पास की है। घायल युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के चैलवां गांव निवासी अजेश शाह के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। इस घटना में युवक के दोनों पैर कट गए।

कर्ज और तनाव से परेशान था युवक

घायल युवक के अनुसार वह विदेश में वेल्डर का काम करता था। युवक ने शादी के लिए कर्ज लिया था, जिसे लेकर वह लंबे समय से तनाव में था। युवक का कहना है कि उसने विदेश से पैसे भेज दिए थे, लेकिन घर लौटने के बाद फिर से कर्ज के पैसे मांगे जाने लगे। युवक का आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्य और उसकी पत्नी उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। विवाद के दौरान पत्नी ने कथित तौर पर उसे अपमानित किया, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। 

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या हैं ये जांच के बाद सामने आएगा।

आपको बता दें कि पिछले कुछ सालों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं जिसमें लोग आर्थिक तंगी या मानसिक दबाव को नहीं झेल पाए और किसी ने फांसी लगा कर जान दे दी तो किसी ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। सासामुसा रेलवे स्टेशन के पास हुई ये घटना भी इसका उदाहरण है। युवक पर तनाव इतना हावी हो गया कि उसने अपनी जान देने की ठीन ली। इस घटना से आसपास के लोग काफी परेशान हैं।

इनपुट: अयाज अहमद (गोपालगंज)