1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बीच सड़क पर दरोगा से भिड़ा युवक, वर्दी फाड़ी और कंधे पर लगा स्टार भी नोच डाला, वीडियो वायरल

बीच सड़क पर दरोगा से भिड़ा युवक, वर्दी फाड़ी और कंधे पर लगा स्टार भी नोच डाला, वीडियो वायरल

समस्तीपुर में एक युवक दोरागा से भिड़ गया और जमकर हाथापाई होनो लगी। डायल-112 की टीम को एक महिला की शिकायत मिली थी, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद युवक पुलिस से भिड़ गया। युवक ने दारोगा की लड़ाई का वीडियो वायरल हो रहा है।

युवक ने पुलिस के साथ की मारपीट- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV युवक ने पुलिस के साथ की मारपीट

बिहार के समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर बाजार से एक वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बीच सड़क पर एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। दावा है कि महिला से गाली-गलौज और बदसलूकी की शिकायत पर डायल-112 की टीम पहुंची, जब युवक को समझाने और हिरासत में लेने की कोशिश की गई तभी वो पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। मामला इतना बढ़ा कि युवक ने पुलिस अधिकारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई और कंधे पर लगा स्टार भी निकल गया। इसके बाद मौके पर मौजूद एक शख्स ने पुलिस की लाठी लेकर युवक पर हमला किया और उसे दूर हटाया।

पुलिस के साथ युवक ने की मारपीट

दरअसल एक महिला के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत डायल-112 पर मिली थी। शिकायत के सत्यापन के लिए डायल-112 की टीम मोहिउद्दीन नगर वार्ड नंबर-03 पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक व्यक्ति महिला के साथ गाली-गलौज करता हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान युवक पुलिस टीम से ही उलझ गया। इसके बाद देखते ही देखते मामला बहस से हाथापाई तक पहुंच गया।

हाथापाई में फटी पुलिस की वर्दी

वीडियो में युवक और पुलिस पदाधिकारी के बीच धक्का-मुक्की और उठापटक दिखाई दे रही है। पुलिस के अनुसार, युवक ने पुलिस अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और हाथापाई की। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस अधिकारी की वर्दी फट गई और कंधे पर लगा स्टार भी टूट गया। मौके पर मौजूद लोग पूरी घटना को देखते रहे और वीडियो बनाते रहे। हालांकि इस बीच एक युवक ने पुलिस की लाठी से ही युवक की पिटाई भी कर दी। काफी देर बाद पुलिस ने युवक को कंट्रोल किया और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

मामले की जांच कर रही है पुलिस

अब इस पूरे मामले में समस्तीपुर पुलिस की ओर से भी आधिकारिक बयान सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, डायल-112 पर एक महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के लिए पहुंची टीम के साथ युवक ने दुर्व्यवहार किया और पुलिस पदाधिकारी से उलझ गया। समस्तीपुर पुलिस के अनुसार, डायल-112 में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार यादव बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। मौके पर एक व्यक्ति द्वारा महिला के साथ गाली-गलौज किए जाने की बात सामने आई। टीम ने व्यक्ति को विधिवत समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह डायल-112 की टीम के साथ दुर्व्यवहार करते हुए पुलिस पदाधिकारी राजू कुमार यादव से उलझ गया। इसके बाद पुलिस बल और स्थानीय लोगों की मदद से उसे नियंत्रित कर हिरासत में लिया गया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक की पहचान विजय साह के बेटे गोलू कुमार के रूप में की है। गोलू मोहिउद्दीन नगर के वार्ड नंबर-03 का रहने वाला है। पुलिस की ओर से इस पूरे मामले में कार्रवाई की जा रही है।