नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में भले दबाव देखने को मिला हो लेकिन घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में बढ़त देखने को मिल रही है। वायदा बाजार में सोना 100 रुपए से ज्यादा की तेजी के साथ 26943 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी भी करीब 105 रुपए की तेजी के साथ 37773 के स्तर पर कारोबार कर रही है। सोने की कीमतों में यह तेजी शेयर बाजार में आई भारी बिकवाली और रुपए में कमजोरी के चलते देखन को मिल रही है। बाजार के विशेषज्ञ मानते हैं कि वायदा बाजार में सोने की कीमतें जल्द 27000 के स्तर को पार कर सकती है।
घरेलू बाजार में दिख सकती है तेजी
डॉलर के मुकाबले आज रुपया 25 पैसे से ज्यादा की गिरावट के साथ खुला है। रुपए की कमजोरी कमोडिटी बाजार में सोने समेत तमाम कमोडिटी को निचले स्तर पर सहारा देगी। जिसकी वजह से सोने में तेजी की उम्मीद बनी हुई है। सोमवार के सत्र में एमसीएक्स पर भी सोना हल्की नरमी के साथ 26,839 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ।
ग्रीम में संकट गहराने से चढ़ेगा डॉलर, गिरेगा सोना
यूरोपीय देश ग्रीस अभी भी पूरी तरह से कर्ज संकट से नहीं उभर पाया है और दिवालिया होने का संकट अभी भी बरकरार है। इस कारण यूरो में कमजोरी और डॉलर में मजबूती देखने को मिल रही है। डॉलर में मजबूती के कारण ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। कॉमैक्स पर सोना 0.3 डॉलर की गिरावट के साथ 1,182.7 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
करना हो ट्रेड तो...
केडिया कमोडिटी के प्रमुख अयज केडिया का मानना है कि आज के कारोबार में सोना 26682 से 27030 के दायरे में कारोबार करता दिख सकता है। ऐसे में सोने में ट्रेडिंग करने वाले ट्रेडर्स निचले स्तर पर खरीददारी के सौदे बना सकते हैं।