नई दिल्ली: स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने में लगातार चौथे दिन भी गिरावट जारी रही और आज यह 40 रुपए और नीचे खिसक कर 25,000 रुपये से नीचे 24,980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। विश्व के प्रमुख बाजारों में इसका भाव पांच वर्ष के निम्नतम स्तर पर चला गया है। आभूषण तथा फुटकर विक्रेता बाजार औट टूटने की आशंका में खरीदारी से दूर रहे जिससे नरमी की घारणा को बल मिला।
इसके विपरीत उपभोक्ता उद्योगों की छिटपुट मांग की बदौलत चांदी में कुछ चकम देखी गयी। चांदी का भाव 100 रुपये सुधर कर 33,800 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा वहां जल्दी ही नीतिगत ब्याज दर बढाए जाने के अनुमानों से विश्व बाजार में सोने पर लगातार दबाव बना हुआ है और यह करीब पांच वर्ष के निम्न स्तर पर आ गया है। अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावनाओं से डॉलर में मजबूती आई है निवेश के विकल्प के रूप में सोने की पूछ कम हुई है। इसका असर स्थानीय बाजारों में भी दिख रहा है। राजधानी में सोना चार वर्ष के निम्नतम स्तर पर चल रहा है।
बाजार के जानकारों ने कहा कि कीमतों में आगे और गिरावट आने की आशंका से आभूषण कारोबारी और फुटकर विक्रेताओं की मांग कमजोर है।