नई दिल्ली: अमेरिकी अर्थव्यवस्था में लगातार आ रहे सुधार से आने वाले दिनों में फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की अटकलें अब तेजी होती जा रही हैं। इसी के मद्देनजर सोने की कीमतों में लगातार गिरावट का सिलसिला जारी रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। मंगलवार के सत्र में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें साढ़े पांच साल के निचले स्तर तक पहुंच गई। वहीं घरेलू बाजार में भी कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है। शाम 4 बजें वायदा बाजार में सोने की कीमतें 187 रुपए की गिरावट के साथ 24712 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रही थी।
20000 रुपए तक लुढ़क सकते हैं सोने के भाव
हाल में जारी हुए दो ताजा अनुमानों में सोने की कीमतों को 20000 रुपए तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। वित्तीय सेवाएं देने वाली कंपनी HSBC के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें 1000 डॉलर प्रति औंस तक फिसल सकती है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 1000 डॉलर प्रति औंस तक गिरता है तो डॉलर के मुकाबले रुपए की वर्तमान कीमत के आधार पर उस अनुपात में भारतीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड के दाम 23 हजार रुपए प्रति डॉलर पर आ जायेंगे।
वहीं मॉर्गन स्टेनली ने जारी रिपोर्ट में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव गिरकर 800 डॉलर प्रति औंस तक आ सकते हैं। वहीं, घरेलू बाजार में सोने की कीमतें 20,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे आ सकती हैं। सोने की कीमतों में गिरावट को देखते हुए फिलहाल सोने में निवेश से परहेज की ही सलाह दे रहे हैं।