शारजाह: शोएब मलिक, यासिर शाह और जुल्फिकार बाबर की स्पिन तिकड़ी के शानदार प्रदर्शन से पाकिस्तान ने तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में आज यहां इंग्लैंड को 127 रन के बड़े अंतर से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-0 से जीती।
शाह ने 44 रन देकर चार विकेट लिये। अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे मलिक ने 26 रन देकर तीन विकेट और बाबर ने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किये जिससे इंग्लैंड की टीम पांचवें और अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी में 156 रन पर ढेर हो गयी।
इंग्लैंड के सामने जीत के लिये 284 रन का लक्ष्य था और टर्न लेते विकेट पर उसकी टीम शुरू से बैकफुट पर थी लेकिन कप्तान एलिस्टेयर कुक ने कुछ संघर्ष किया। उन्होंने 241 मिनट क्रीज पर बिताये और इस बीच चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये।
वह मलिक थे जिन्होंने इंग्लैंड को कुक का कीमती विकेट दिलाया। विकेटकीपर सरफराज अहमद ने उन्हें स्टंप आउट किया। मलिक ने इस तरह से मैच में सात विकेट लिये।
शाह ने अगले ओवर में बेन स्टोक्स को स्टंप आउट किया और इसके साथ ही पाकिस्तानी खिलाडि़यों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। इस जीत से पाकिस्तान आईसीसी टेस्ट रैकिंग में अपनी सर्वश्रेष्ठ दूसरी रैंकिंग दोबारा हासिल की। इससे पहले वह अगस्त 2006 में कुछ दिन के लिये दूसरे नंबर पर पहुंचा था।
पाकिस्तान ने दुबई में दूसरा टेस्ट मैच 178 रन से जीता था।
Latest Cricket News