नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरूण जेटली ने आज कहा कि सरकार धान जैसी खरीफ फसलों के लिए जल्द ही न्यूनतम समर्थन मूल्यों :एमएसपी: पर निर्णय करेगी और वह आपूर्ति बढ़ाकर दालों की कीमतें नियंत्रित करने के उपायों पर काम कर रही है। जेटली ने यहां संवाददाताओं को बताया, सरकार इस पर निर्णय करने जा रही है और परामर्श की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इसे मंत्रिमंडल के पास भेजा जाएगा।
कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कल कहा था कि किसानों के लिए समर्थन मूल्यों की घोषणा अगले दो सप्ताह में कर दी जाएगी। किसानों ने चालू खरीफ सत्र में धान की बुवाई शुरू कर दी है, भले ही मानसून अभी केरल के तट पर नहीं पहुंचा है। दालों की कीमतों में वृद्धि पर जेटली ने कहा कि खाद्य मंत्रालय आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों पर लगाम लगाने के उपाय कर रहा है। वित्त मंत्री ने कहा, जहां तक दालों का संबंध है, फिलहाल कुछ असर पड़ा है। यह विभिन्न कारकों की वजह से हो सकता है। खाद्य विभाग पिछले कुछ सप्ताह से आपूर्ति बढ़ाने के उपाय कर रहा है।