नई दिल्ली: दालों के भाव चढ़ने से मई महीने में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 5.01 प्रतिशत हो गयी। हालांकि माह के दौरान फल एवं सब्जियों के दाम में कमी आयी। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति इस साल अप्रैल में 4.87 प्रतिशत थी। पिछले वर्ष मई में 8.33 प्रतिशत थी। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दलहन के भाव मई 2015 में इससे पूर्व वर्ष के इसी महीने की तुलना में 16.62 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
फसल वर्ष 2014-15 में बेमौसम बारिश जैसे प्रतिकूल मौसम के कारणदलहन के उत्पादन में करीब 20 लाख टन की कमी आयी है। मौद्रक नीति के लिये खुदरा मुद्रास्फीति को मानक बनाने वाली रिजर्व बैंक ने इस महीने की शुरूआत में कहा था कि कीमत वृद्धि अभी चिंता का कारण है। रिजर्व बैंक ने जनवरी 2016 तक खुदरा मुद्रास्फीति दर बढ़कर 6 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया है।
इसी महीने के दौरान खाद्य मुद्रास्फीति घटकर 4.8 प्रतिशत पर आ गयी जो अप्रैल 2015 में 5.11 प्रतिशत थी। मई 2014 में खाद्य मुद्रास्फीति 8.89 प्रतिशत थी। फल एवं सब्जियों की मुद्रास्फीति मई, 2015 में क्रमश: 3.84 प्रतिशत तथा 4.64 प्रतिशत थी।
जानिए अगली स्लाइड में क्या-क्या हुआ महंगा