नई दिल्ली: गर्मी के मौसम में गूगल की स्वचालित गाड़ी का सपना अब पूरा होने जा रहा है। गूगल का कहना है कि कंपनी तमाम परीक्षणों के बाद इस गाड़ी के कई प्रोटोटाइप कैलिफोर्निया की सड़कों पर उतार रही है। इन स्वचालित गाड़ियों में सुरक्षा के लिहाज से ड्राइवर भी मौजूद रहेंगे जो जरूरत पड़ने पर गाड़ी को अपने नियंत्रण में ले लेंगे।
गूगल का हेडक्वॉर्टर कैलिफोर्निया शहर में है। कंपनी के अनुसार उसका यह कदम टेस्ट ड्राइव की कड़ी का ही एक हिस्सा है। कंपनी ने उन तमाम खुलासों के बाद यह बात सार्वजनिक रूप से कही है, जिनके मुताबिक उसकी सेल्फ ड्राइविंग कारें कैलिफोर्निया में 11 छोटी-मोटी दुर्घटनाओं में शामिल रही हैं।
इन कारों की सबसे खास बात यह है कि इन्हें स्मार्टफोन से बुलाया जा सकता है। यह किसी भी यात्री को बिना किसी के हस्तक्षेप के अपने आप ले जा सकता है। इसके लिए आपको अपने स्मार्टफोन में एक एप डालना होगा।
गौर करने वाली बात है कि साल 2010 से ही गूगल स्वचालित वाहनों पर विकास का काम कर रही है। राउश इंडस्ट्रीज ने कंपनी के नए प्रोटोटाइप वाहनों को असेंबल किया है और तो और इनमें उसी साफ्टवेयर का इस्तेमाल किया है जिस पर मौजूदा सेल्फ ड्राइविंग लेक्सस आरएक्स 450एच चलती है।