नई दिल्ली: एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एयरबस ए-320 से एक चौकैने वाली घटना सामने आई है। खबर है कि एयर इंडिया के को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन को पीटा है। रविवार शाम, जयपुर से दिल्ली आने वाली एयरबस ए-320 फ्लाइट की उड़ान से पहले कॉकपिट में पायलट और सहायक के बीच झड़प हो गई।
एयर इंडिया के प्रवत्ता ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि, दोनों के बीच सिर्फ बहस हुई और कुछ नहीं, जिसे दोनों ने मिलकर सिलझा लिया है।
सूत्रों के मुताबिक पता चला है कि, को-पायलट ने अपने कमांडर को अपमानित किया और उसकी पिटाई भी की।
एयर इंडिया विमान के कॉकपिट में विवाद की स्थिति तब पैदा हुई जब AI 611 फ्लाइट दिल्ली की उड़ान के लिए तैयार हो रही थी। सूत्र ने बताया कि कमांडर ने को-पायलट से फ्लाइट की जरूरी चीजों को लिख लेने के लिए कहा। इसमें आमतौर पर सवार यात्रियों की संख्या, उड़ान के वक्त वजन, ईंधन की जानकारी शामिल होती है, जिसे एक ट्रिम शीट पर लिखा जाता है और पायलट उड़ान के दौरान इसे अपने सामने रखता है। को-पायलट ने इसपर अपना गुस्सा जाहिर किया और कैप्टन की पिटाई शुरू कर दी।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, 'एयरलाइन के हित में, कमांडर ने फ्लाइट को आगे ले जाने का फैसला किया और दिल्ली के लिए उड़ान भर ली। आम प्रक्रिया में, इस घटना के बारे में जयपुर में ही रिपोर्ट किया जा सकता था, लेकिन उस स्थिति में फ्लाइट रद्द भी हो सकती थी जो यात्रियों के लिए ही मुसीबत बनती।' प्रवक्ता ने आगे कहा, दिल्ली आने के बाद कैप्टन ने AI मूवमेंट कंट्रोल के साथ लॉग एंट्री बनाई जिसके बाद वह मुंबई में अपने घर की उड़ान पर निकल गए।
वहीं, एयर इंडिया के सीनियर कमांडर्स के मुताबिक, को-पायलट इसी तरह के मामलों में पहले भी सवालों के घेरे में रह चुका है। तीन साल पहले, उसने अपनी फ्लाइट के ही एक कमांडर को कॉकपिट से बाहर आने के लिए कहा और फिर शर्ट के कॉलर पर लगे स्टार्स को हटवाकर उससे लड़ाई की। इसके एक साल बाद, एक और कमांडर ने कॉकपिट में उसके 'अशिष्ट और अनुपयुक्त' व्यवहार के बारे ऑफिशल्स के पास शिकायत की और उसके स्टेट ऑफ माइंड पर सवाल खड़ा किया।
एक पायलट ने कहा कि AI और DGCA को कॉकपिट में हुए इस नए मामले की जांच करनी चाहिए और अगर को-पायलट के व्यवहार पर की गई शिकायत सही पाई जाती है तो हवाई सुरक्षा के लिए उसपर कार्रवाई करनी चाहिए।
हाल ही में हुए जर्मनविंग्स विमान हादसे के बाद पायलटों के स्वास्थ्य और हवाई सुरक्षा पर चिंताएं जताई जा रही हैं।
Latest India News