A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बेमेतरा में SUV ने एक मालवाहक गाड़ी को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत और सात घायल

बेमेतरा में SUV ने एक मालवाहक गाड़ी को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत और सात घायल

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा शहर में तेज रफ्तार एसयूवी ने एक मालवाहक गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए हैं। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी कार चालक के घर में और कार एवं मोटरसाइकिल समेत वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की।

सांकेतिक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सांकेतिक फोटो

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा शहर से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार एसयूवी ने एक मालवाहक गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि इसमें एक आदमी की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा रविवार रात सिटी कोतवाली पुलिस थाना इलाके के सिंघौरी वार्ड में हुआ। पुलिस द्वारा मामले को दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। 

पुलिस ने बताया कि बोरिया-बगोद गांव के करीब 17 लोग बेमेतरा के पास बैजलपुर गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मालवाहक वाहन में सवार होकर लौट रहे थे। जब वे रास्ते में थे तभी एक एसयूवी कार ने उनके वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इनमें से जीवन साहू (27) की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई और घायलों को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। 

घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया और बाद में उसकी कार उसके घर के बाहर खड़ी मिली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी वाहन चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है और उसके पिता बलमीत सिंह सलूजा, जो एक व्यवसायी हैं, से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जांच की जा रही है। 

स्थानीय लोगों ने की तोड़फोड़ 

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी कार चालक के घर में और कार एवं मोटरसाइकिल समेत वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। लोगों की भीड़ स्थानीय पुलिस थाने के बाहर भी जमा हो गई और उसने नारे लगाए। उन्होंने अधिकारियों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने युवक का शव राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रख दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। 

मंगलवार को शहर में बंद का आह्वान 

इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने मंगलवार को शहर में बंद का भी आह्वान किया है। बेमेतरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपी कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है। (पीटीआई इनपुट)

ये भी पढ़ें- पुलिस सब इंस्पेक्टर और सूबेदार पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, डायरेक्ट लिंक से करें अप्लाई