1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. एकतरफा प्यार में कातिल बना पिंटू, खुशी को मारकर फरार हुआ, पुलिस 24 घंटे के अंदर ढूंढ़ लाई

एकतरफा प्यार में कातिल बना पिंटू, खुशी को मारकर फरार हुआ, पुलिस 24 घंटे के अंदर ढूंढ़ लाई

आरोपी युवक ने खुद को बचाने के लिए पूरा प्लान बनाया था, लेकिन पुलिस ने चंद घंटे के अंदर पकड़ लिया। आरोपी ने अपना गुनाह भी स्वीकार कर लिया है।

Pintu and Khushi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी पिंटू (बाएं), मृतक खुशी (दाएं)

छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक युवक ने 19 साल की नर्सिंग छात्रा की हत्या कर दी। वह लड़की से एकतरफा प्यार करता था और उसे बार-बार अलग-अलग नंबरों से कॉल करता था। लड़की ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। आरोपी युवक ने लड़की से प्रेम का इजहार भी किया था, लेकिन लड़की ने मना कर दिया था। वह किराए के मकान में रहती थी और पढ़ाई कर रही थी। वह 15-20 दिन पहले ही नर्सिंग की पढ़ाई के लिए आई थी। पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए एक कैफे में काम भी करती थी। कुछ दिन पहले उसकी एक दोस्त साथ रहने के लिए आई थी। घटना के समय वह घर से बाहर गई थी और आरोपी ने इसी का फायदा उठाकर खुशी पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार युवती ने आरोपी से बात करने से मना कर दिया था। इससे वह बेहद नाराज था। उसने पहले ही लड़की की हत्या करने का प्लान बना लिया था। वह पूरी तैयारी के साथ हत्या करने पहुंचा था और प्लान अनुसार वारदात को अंजाम भी दिया, लेकिन पुलिस से नहीं बच सका।

रायपुर से भिलाई पहुंचा था आरोपी

आरोपी युवक लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू बलौदाबाजार का रहने वाला है। वह खुशी साहू नाम की युवती से एकतरफा प्रेम करता था, लेकिन युवती ने उससे बात करने से साफ मना कर दिया था। ऐसे में उसने लड़की को जान से मारने का प्लान बनाया। वह पूरी तैयारी के साथ रायपुर से भिलाई पहुंचा। पहचान छिपाने के लिए उसने दो-दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था। इसके बाद वह खुशी के कमरे में गया। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने लड़की का गला दबा दिया। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी

खुशी की हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया। उसने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए और भाग गया। हालांकि, पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पहला शक पिंटू पर ही गया। पुलिस ने पिंटू को पकड़कर पूछताछ की तो पूरी हकीकत सामने आ गई। इसके बाद पुलिस ने नदी से वह हथियार भी बरामद कर लिया, जिससे लड़की की हत्या की गई थी। इसके साथ ही आरोपी की मोटर साइकिल भी ढूंढ़ निकाली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

(भिलाई से सिकंदर खान की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

हाथी के हमले से मर गई मां, शव के पास बैठकर रोती रही दुधमुंही बच्ची; दर्दनाक मामला आया सामने

पत्नी को प्रेमी के साथ देखा तो पति ने खोया आपा, कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला