1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के लोगों को बड़ी सौगात, इस नई एक्सप्रेस ट्रेन से सफर होगा आसान, तीन राज्यों से जुड़ा कनेक्शन

छत्तीसगढ़ के लोगों को बड़ी सौगात, इस नई एक्सप्रेस ट्रेन से सफर होगा आसान, तीन राज्यों से जुड़ा कनेक्शन

रायपुर से जबलपुर के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह नई रेल सेवा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ेगी, जिससे तीनों राज्यों के बीच संपर्क सुविधा बढ़ेगी।

रायपुर से जबलपुर के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रायपुर से जबलपुर के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू

रायपुर: छत्तीसगढ़ के लोगों को आज एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रायपुर से जबलपुर के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई रेल सेवा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ेगी, जिससे तीनों राज्यों के बीच संपर्क सुविधा बढ़ेगी। इस खास मौके पर गुजरात के भावनगर में आयोजित मुख्य समारोह से केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मनसुख मांडविया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअली मौजूद रहे।

रायपुर से जबलपुर का सफर

यह नई ट्रेन रायपुर से जबलपुर की 410 किलोमीटर की दूरी को केवल 8 घंटे में तय करेगी। इससे यात्रियों का सफर न सिर्फ आरामदायक होगा, बल्कि समय की भी बचत होगी।

Image Source : Reporter Inputनई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस नई ट्रेन सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में छत्तीसगढ़ के लिए रेल बजट में 21 गुना की वृद्धि हुई है और इस साल प्रदेश को 6,900 करोड़ की राशि मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 47,000 करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएं संचालित हैं, जो प्रदेश में रेलवे नेटवर्क और यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। 

अमृत भारत स्टेशन योजना से कायाकल्प

मुख्यमंत्री साय ने 'अमृत भारत स्टेशन योजना' का भी जिक्र किया, जिसके तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का 680 करोड़ की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी नई रेल परियोजनाओं की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री का विशेष धन्यवाद किया।

Image Source : Reporter Inputनई रेल सेवा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ेगी।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस सेवा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच बेहतर संपर्क का माध्यम बनेगी। यह ट्रेन रायपुर, गोंदिया, बालाघाट और जबलपुर जैसे शहरों को जोड़ेगी। इससे मां बमलेश्वरी मंदिर, कान्हा नेशनल पार्क, भेड़ाघाट और धुआंधार जलप्रपात जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचना अब और आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कनेक्टिविटी से क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को गति मिलेगी।

ट्रेन की समय-सारणी और सुविधाएं

  • रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नियमित सेवा के तहत गाड़ी संख्या 11701 रायपुर से दोपहर 2:45 बजे प्रस्थान करेगी और रात 10:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। 
  • वापसी में गाड़ी संख्या 11702 जबलपुर से सुबह 6:00 बजे चलकर दोपहर 1:50 बजे रायपुर पहुंचेगी। 
  • इस ट्रेन में कुल 15 कोच हैं, जिनमें एसी चेयर कार, चेयर कार और सामान्य कोच शामिल हैं।