छत्तीसगढ़ में कल यानी 11 फरवरी 2025 को नगरीय निकाय चुनाव के मतदान होना है, जिसमें अब कुछ घंटे ही शेष रह गए हैं। कुल 173 नगरीय निकायों में वोटिंग होनी है, जिसमें 10 नगर निगम और 49 नगर पालिका परिषद शामिल हैं। इस चुनाव के लिए कुल 5982 केंद्रों पर वोटिंग होनी है। छत्तीसगढ़ में जिन 10 नगर निगमों में चुनाव होने हैं उसमें जगदलपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर और चिरमिरी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में इस बार नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान ईवीएम मशीन के माध्यम से होगा। वोटिंग कल 11 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। इसकी काउंटिंग 15 फरवरी 2025 को की जाएगी। बता दें कि इस चुनाव में महापौर के 79 और 1889 पार्षद प्रत्याशियों के साथ अध्यक्ष पद के लिए 606 उम्मीदवार चुनावी रण के मैदान में हैं।
वोटर पर्ची को कैसे डाउनलोड करें
कई मतदाताओं के मन में ये सवाल होगा कि यदि किसी कारणवश घर पर वोटर पर्ची नहीं पहुंची तो उसे फिर कैसे डाउनलोड करें? तो बता दें कि ऐसी स्थिति में आप छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट cgsec.gov.in से मतदान केंद्र की डिटेल और ऑनलाइन वोटर पर्ची डाउनलोड कर सकते हैं।
जरूरी डॉक्यूमेंट
मतदान के लिए एक फोटोआईडी(परिचय पत्र, बैंक/डाकघर पासबुक, पासपोर्ट, पेन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन दस्तावेज, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, स्वतंत्रता सेनानी पहचान पत्र) अनिवार्य है।
प्रदेश में रहेगी छुट्टी
वोटिंग के लिए प्रदेश में छुट्टी रहेगी। इस संबंध में पहले ही आदेश को जारी किया जा चुका है।