1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. माओवाद से मुक्ति, विकास की नई उड़ान... छत्तीसगढ़ के 26 साल पूरे, PM मोदी ने की तारीफ

माओवाद से मुक्ति, विकास की नई उड़ान... छत्तीसगढ़ के 26 साल पूरे, PM मोदी ने की तारीफ

PM मोदी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि कभी माओवाद से प्रभावित रहे इलाके अब शांति, विश्वास और विकास के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने बस्तर में हो रहे बदलाव की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय - India TV Hindi
Image Source : PTI मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर: छत्तीसगढ़ को एक अलग राज्य के रूप में स्थापित हुए 26 साल हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कभी माओवाद से प्रभावित रहे राज्य के इलाके अब शांति, विश्वास और विकास के केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। 

पीएम मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे एक पत्र में कहा कि माओवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता से राज्य में विकास के लिए नया माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि नए हवाई अड्डों, 51,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं, लाखों परिवारों के लिए कल्याणकारी योजनाओं और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के विकास से छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री ने बस्तर में हो रहे बदलाव पर भी गर्व जताया। 

सीएम ने पीएम मोदी का जताया आभार

मुख्यमंत्री साय ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर यह पत्र शेयर किया और शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी, समृद्ध संस्कृति और मेहनतकश लोगों के प्रति प्रधानमंत्री का स्नेह राज्य के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। छत्तीसगढ़ एक नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर अस्तित्व में आया था। राज्य को 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया गया था। इसके साथ ही क्षेत्र में चार दशक से जारी माओवादी उग्रवाद का अंत हुआ। 

बुनियादी ढांचे के विस्तार को मिली गति

मोदी ने कहा कि माओवाद लंबे समय तक राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक रहा, लेकिन इस खतरे को खत्म करने में निर्णायक सफलता मिली है। इससे विकास के लिए नया माहौल बना है और संपर्क सुविधाओं तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार को गति मिली है। प्रधानमंत्री ने पिछले साल राज्य के रजत जयंती समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करना उनके लिए यादगार अनुभव था। राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि 25 साल पहले दिल्ली और रायपुर के बीच प्रतिदिन केवल एक उड़ान होती थी, जबकि अब छत्तीसगढ़ में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क है। 

कई विकास योजनाओं पर चल रहा काम

उन्होंने कहा कि राज्य में 51,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है और वंदे भारत तथा अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेन सेवाएं भी शुरू की गई हैं। मोदी ने कहा कि सड़कों के निर्माण से रायपुर और बिलासपुर के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हो गया है। विशाखापत्तनम और रांची-धनबाद जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों से राज्य को जोड़ने वाले प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से संपर्क सुविधाओं, उद्योगों और रोजगार के अवसरों को और बढ़ावा मिलेगा। 

महिला सशक्तीकरण का उल्लेख 

प्रधानमंत्री ने राज्य में धान खरीद व्यवस्था का भी उल्लेख किया और कहा कि 25 लाख से अधिक किसानों को ऐसी व्यवस्था का लाभ मिल रहा है, जिससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य का 26वां स्थापना दिवस इस साल ऐतिहासिक और विशेष है, क्योंकि माओवाद के खतरे से मुक्ति के बाद यह पहला स्थापना दिवस है।

31 मार्च 2026 को नक्सलवाद से मुक्त क्षेत्र घोषित

छत्तीसगढ़ राज्य को 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया गया था। इसके साथ ही क्षेत्र में चार दशक से जारी माओवादी उग्रवाद का अंत हुआ। साय ने शनिवार देर रात जारी एक वीडियो संदेश में राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ के गठन के 26 साल पूरे होना सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, ''इस साल का राज्योत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह पहला स्थापना दिवस है, जब लाल आतंक से मुक्त छत्तीसगढ़ शांति, विश्वास और विकास के एक नए दौर की ओर बढ़ रहा है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और केंद्र तथा राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों के निरंतर प्रयासों से संभव हुई है। साय ने कहा कि सुरक्षाबलों के जवानों के अद्वितीय साहस, वीरता और बलिदान का इस सफलता में अविस्मरणीय योगदान रहा है और राज्य हमेशा उनका आभारी रहेगा। 

सारंग' हेलीकॉप्टर ने दिखाए शानदार करतब

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस समारोह से पहले नवा रायपुर में रविवार को आयोजित 'फुल-ड्रेस रिहर्सल' के दौरान भारतीय वायुसेना की 'सारंग' हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने शानदार करतब दिखाकर और तिरंगे की आकृतियां बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यहां 'सेंध लेक' पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान वायुसेना की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडो और सारंग टीम ने अपने कौशल, सटीकता और तालमेल का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ का गठन एक नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग करके किया गया था। राज्य के राज्योत्सव समारोह रविवार को शुरू हुए और तीन नवंबर को संपन्न होंगे।