1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में फिर शुरू हुआ एनकाउंटर, बीजापुर में अब तक दो नक्सली ढेर, ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ में फिर शुरू हुआ एनकाउंटर, बीजापुर में अब तक दो नक्सली ढेर, ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलवादियों के बीच लगातार मुठभेड़ जारी है। शुक्रवार को राज्य के बीजापुर में एनकाउंटर शुरू हो गया है। अब तक 2 नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आई है।

Chhattisgarh encounter in Bijapur Naxalites killed - India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक फोटो।

भारत सरकार ने मार्च 2026 तक पूरे देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सुरक्षाबल लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में 
छत्तीसगढ़ में भी लगातार मुठभेड़ हो रहे हैं और नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को राज्य के बीजापुर में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एनकाउंटर जारी है। इस एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को कामयाबी मिली है।

अब तक 2 नक्सली मारे गए 

अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना सामने आई थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ हो रही है। बीजापुर जिले के एसपी जितेंद्र यादव की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य के बीजापुर में शुक्रवार को मुठभेड़ जारी है। इस कार्रवाई में अब तक 2 नक्सली मारे गए हैं। एक .303 राइफल और अन्य हथियार व गोला-बारूद बरामद किया गया है। इलाके में तलाशी अभियान जारी है और अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है।

गरियाबंद में 10 नक्सली ढेर

इससे पहले गुरुवार को भी छत्तीसगढ़ के रायपुर संभाग के गरियाबंद में सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ रुपये के इनाम वाला मोड़ेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर भी था। भास्कर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) का वरिष्ठ नेता और केंद्रीय समिति सदस्य था।

2025 में कितने नक्सली मारे गए?

साल 2025 में अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ में कुल 243 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें 214 नक्सली बस्तर संभाग में, 27 रायपुर संभाग में और दो दुर्ग संभाग में मारे गए हैं। वहीं, बीते साल 2024 में छत्तीसगढ़ में विभिन्न मुठभेड़ों के दौरान सुरक्षाबलों ने 219 नक्सलियों को मार गिराया था।