A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 महिला नक्सलियों की मौत

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 महिला नक्सलियों की मौत

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुआ। इस एनकाउंटर में 2 महिला नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। मृतक नक्सलियों की पहचान लिंगे और सीमा के रूप में हुई है।

Encounter between security forces and Naxalites in Narayanpur Chhattisgarh 2 female Naxalites killed- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि जिले के अबूझमाड़ इलाके में कोहकामेटा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सली माओवादियों की कुतुल एरिया कमेटी की सदस्य सीमा और पार्टी सदस्य लिंगे उर्फ रांझू को मार गिराया है। सुंदरराज ने बताया कि नक्सली सीमा के सिर पर पांच लाख रुपये तथा लिंगे पर एक लाख रुपये का इनाम था। 

क्या बोले अधिकारी?

अधिकारी ने बताया कि माओवादियों के माड़ डिवीजन के वरिष्ठ कैडरों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों को बुधवार को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। इस अभियान में नारायणपुर और कोंडागांव जिलों के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवान, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 41वीं और 45वीं बटालियन के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम को जब सुरक्षाबलों के जवान क्षेत्र में थे तब सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। सुंदरराज ने कहा, ''आज सुबह घटनास्थल से दो महिला नक्सलियों के शव, आठ राउंड गोलियां और एक मैगजीन, एक इंसास राइफल, चार राउंड के साथ एक देशी .315 बोर राइफल, .303 राइफल के पंद्रह राउंड, गोला-बारूद, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य और विभिन्न दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं।''

मृतक नक्सलियों की हुई पहचान

उन्होंने बताया कि मृत नक्सलियों की पहचान सीमा और लिंगे के रूप में की गई है। दोनों सुकमा जिले के निवासी थे। अधिकारी ने बताया कि मारी गई दोनों नक्सलियों के कैडर प्रोफाइल और उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। सुंदरराज ने कहा, ''सुरक्षा बल माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान को मानसून के दौरान भी निरंतर जारी रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पास अब आत्मसमर्पण और हिंसा छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।'' उन्होंने माओवादियों से अपील की कि वे तुरंत हिंसात्मक गतिविधियां त्याग कर मुख्यधारा से जुड़ें, अन्यथा उन्हें सख्त कार्रवाई और गंभीर परिणामों के लिए तैयार रहना होगा। 

(इनपुट-भाषा)