A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. महुआ मोइत्रा के खिलाफ अब छत्तीसगढ़ में FIR, अमित शाह पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

महुआ मोइत्रा के खिलाफ अब छत्तीसगढ़ में FIR, अमित शाह पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में महुआ मोइत्रा के खिलाफ रायपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

महुआ मोइत्रा- India TV Hindi
Image Source : PTI महुआ मोइत्रा

छत्तीसगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ अब छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय निवासी की शिकायत के आधार पर शनिवार को माना पुलिस स्टेशन में मोइत्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (धर्म, नस्ल, जन्मस्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए पूर्वाग्रह से भरी बातें कहना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अमित शाह को लेकर महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में विवादित टिप्पणी की थी। टीएमसी सांसद ने केंद्र सरकार पर सीमा सुरक्षा के मामले में अपनी जिम्मेदारियों से भागने का आरोप लगाया था।

शिकायतकर्ता गोपाल सामंतो का आरोप

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता गोपाल सामंतो ने आरोप लगाया है कि मोइत्रा की टिप्पणी आपत्तिजनक और असंवैधानिक है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रायपुर के माना कैंप इलाके में 1971 में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी शरणार्थी आकर बसे थे और मोइत्रा के इस तरह के बयान ने उनमें डर पैदा कर दिया है, क्योंकि ऐसी टिप्पणियां अन्य समुदायों को उनके खिलाफ भड़का सकती हैं। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

राहुल गांधी की टिप्पणी पर बवाल, कोलकाता में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची के पशुओं में दिखे लंपी वायरस के लक्षण, मचा हड़कंप