1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. नक्सलियों की बिछाई IED की चपेट में आए दो युवक, ब्लास्ट में एक की हुई मौत, दूसरा घायल; छत्तीसगढ़ के नारायणपुर की घटना

नक्सलियों की बिछाई IED की चपेट में आए दो युवक, ब्लास्ट में एक की हुई मौत, दूसरा घायल; छत्तीसगढ़ के नारायणपुर की घटना

पुलिस के मुताबिक दोनों युवक झाड़ू बनाने के लिए लकड़ियां लेने जंगल में गए थे। इस जंगल में नक्सलियों ने आईईडी लगा रखी थी। दोनों युवक आईईडी की चपेट में आ गए।

Naxal- India TV Hindi
Image Source : FILE नक्सल

छत्तीसगढ़ को जहां नक्सलवाद से मुक्त करने की  योजना पर तेजी से काम चल रहा है वहीं शुक्रवार को दो युवक नक्सलियों की साजिश का शिकार हो गए। आईईडी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उस वक्त हुई जब दोनों युवक झाड़ू बनाने के लिए लकड़ियां इकट्ठा करने गए थे। नारायणपुर के एसपी ने इस घटना की जानकारी दी हैं।

लकड़ियां लेने जंगल मे ंगए थे दो युवक

नारायणपुर के एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों युवक झाड़ू बनाने के लिए लकड़ियां लेने जंगल में गए थे। इस जंगल में नक्सलियों ने आईईडी लगा रखी थी। इस दौरान उनके पांव नक्सलियों द्वारा लगाई गई आईईडी पर चले गए। अचानक जोरदार धमाका हुआ। इस ब्लास्ट में एक शख्स की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जड्डा और मरकूर गांव के मध्य आईईडी की चपेट में आने से ग्रामीण राजेश उसेंडी (25) की मौत हो गई तथा रामलाल कोर्राम (25) गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्होंने बताया कि कानागांव निवासी राजेश उसेंडी और रामलाल फूल झाडू के लिए झाड़ी तोड़ने जड्डा-मरकूर गांव के जंगल की ओर गए थे। जब वह जंगल में थे तब उनका पैर नक्सलियों द्वारा लगाई गई आईई़डी के ऊपर चला गया, जिससे बम में विस्फोट हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में राजेश के दोनो पैर में गंभीर चोट पहुंची और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। वहीं रामलाल के गले और चेहरे पर गंभीर चोट पहुंची है। घायल रामलाल को नारायणपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।