Ex गर्लफ्रेंड के पति को था जान से मारना, सनकी आशिक ने स्पीकर में 2 किलो बारूद भर कर भेजा गिफ्ट पार्सल
पुलिस की टीम ने इस मामले का खुलासा किया है। सनकी आशिक ने एक्स गर्लफ्रेंड के पति को मारने की साजिश के लिए गूगल की भी मदद ली। साथ ही उसके कई दोस्तों ने भी सहायता की।
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां 20 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन ने एक स्पीकर में बिस्फोट (IED) लगा कर उस महिला के पति को उपहार के तौर पर भेज दिया, जिसके एकतरफा प्यार में वह पागल था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ऑनलाइन मंच से आईईडी (बम) तैयार करना सीखा और उसे इस तरह तैयार किया कि स्पीकर को चालू करते ही विस्फोट हो जाए।
गूगल में भी किया ये सर्च
अधिकारियों ने कहा कि उसकी ‘गूगल सर्च हिस्ट्री’ देखने पर पता चला कि उसने सर्च किया था ‘पुलिस की गिरफ्त में आए बिना बम से किसी व्यक्ति को कैसे मौत के घाट उतारा जाए।’ उन्होंने कहा कि इस व्यक्ति की गिरफ्तारी के साथ खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले की पुलिस ने न केवल एक सुनियोजित हत्या को नाकाम किया, बल्कि विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश किया है जो जिलेटिन की छड़ें मुहैया कराता था।
पड़ोसी जिले में पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
अप्रैल 2023 में इसी तरह के एक मामले में पड़ोसी जिले कबीरधाम में एक नवविवाहित व्यक्ति और उसके बड़े भाई की उनके घर उस वक्त मौत हो गई थी, जब नवविवाहित व्यक्ति की पत्नी के पूर्व प्रेमी की तरफ से शादी के तोहफे में मिले होम थिएटर के म्यूजिक सिस्टम में में विस्फोट हो गया था।
विनय वर्मा समेत 6 गिरफ्तार
खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) लक्ष्य शर्मा ने कहा कि ताजा मामले में मुख्य आरोपी विनय वर्मा और छह अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, अन्य आरोपियों की पहचान परमेश्वर वर्मा (25), गोपाल वर्मा (22), घासीराम वर्मा (46), दिलीप धीमर (38), गोपाल खेलवार और खिलेश वर्मा (19) के रूप में हुई है।
पार्सल पर इंडिया पोस्ट का नकली लोगो
इस साजिश का खुलासा तब हुआ जब तीन-चार दिन पहले गण्डई थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की एक दुकान पर एक संदिग्ध पार्सल पहुंचा, जिस पर बड़े सलीके से उपहार लपेटा हुआ था और जिस पर इंडिया पोस्ट का नकली ‘लोगो’ लगा था। यह पार्सल गांव के निवासी अफसर खान के नाम पर था।
स्पीकर के अंदर रखा 2 KG बारूद
पुलिस ने कहा कि इसे संदिग्ध पाकर खान ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बम निरोधक दल ने पैकेट की जांच की और एक बिल्कुल नए स्पीकर के अंदर छिपाकर रखा गया दो किलो वजनी आईईडी बरामद किया। तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि आईईडी को इस तरह तैयार किया गया था कि जैसी उसे बिजली की मदद से चालू किया जाता तो उसमें विस्फोट हो जाता।
करंट से हो जाता ब्लास्ट
पुलिस ने कहा कि करंट स्पीकर की तारों से जुड़े एक डेटोनेटर तक पहुंचता और विस्फोट हो जाता। उन्होंने कहा कि जिलेटिन की छड़ों का इस्तेमाल मुख्य विस्फोटक के रूप में किया गया था और स्पीकर का बाहरी आवरण विस्फोट के बाद घातक छर्रों का काम करता।
एक्स गर्लफ्रेंड के पति की हत्या की रची थी साजिश
जांच से पता चला कि खैरागढ़ के कुसमी गांव निवासी विनय वर्मा ने खान की हत्या की साजिश रची थी। इलेक्ट्रीशियन वर्मा ने स्पीकर खरीदा और ऑनलाइन तरीके से बम तैयार करना सीखकर इसे तैयार किया। शर्मा ने बताया कि उसके मोबाइल फोन की गूगल सर्च हिस्ट्री में लिखा था ‘पुलिस की गिरफ्त में आए बिना बम से किसी व्यक्ति को कैसे मौत के घाट उतारा जाए।’ आरोपी खान की पत्नी से उसके कॉलेज के दिनों से ही एकतरफा प्यार करता था।
खदान से चुराया गया था विस्फोटक
उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले खान से शादी करने के बाद वर्मा ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। आगे की जांच से पता चला कि उपकरण में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की एक पत्थर खदान से चुराए गए थे। दुर्ग निवासी परमेश्वर ने कथित तौर पर दुर्ग के ही गोपाल और दिलीप से जिलेटिन की छड़ें खरीदने के लिए 6,000 रुपये दिए थे।
60 जिलेटिन की छड़ें और दो डेटोनेटर भी जब्त
पुलिस ने कहा कि घासीराम ने विस्फोटक पहुंचाए, जबकि खिलेश पर पार्सल पर इस्तेमाल किए गए नकली भारतीय डाक ‘लोगो’ को तैयार करने का आरोप है। गोपाल की मदद से वर्मा ने विस्फोटकों से भरा उपहार खान की दुकान तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दुर्ग में गोपाल और दिलीप के ठिकानों पर बाद में की गई छापेमारी में 60 जिलेटिन की छड़ें और दो डेटोनेटर जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि विस्फोटक पथरिया इलाके की एक खदान से अवैध रूप से लाए गए थे, जिसके संचालक से भी पूछताछ की जाएगी। (भाषा के इनपुट के साथ)
