1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. कपड़े सुखाने के लिए बांधा था लोहे का पाइप, करंट लगने से मां-बेटे की हुई दर्दनाक मौत

कपड़े सुखाने के लिए बांधा था लोहे का पाइप, करंट लगने से मां-बेटे की हुई दर्दनाक मौत

रायपुर के टिकरापारा इलाके में कपड़े लेने छत पर गई 54 वर्षीय कल्याणी बाई यादव और उनके 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन की करंट लगने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में कूलर में बिजली की खराबी और कपड़े सुखाने के लिए बांधे गए लोहे के पाइप में करंट आने की आशंका जताई गई है।

Raipur Electric Shock, Mother Son Death, Chhattisgarh Electric Accident- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV छत्तीसगढ़ के रायपुर में करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।

Highlights

  • रायपुर में कपड़े लेने छत पर गई महिला करंट की चपेट में आई, बचाने पहुंचे बेटे की भी मौत।
  • पुलिस को कूलर में खराबी से GI पाइप और बालकनी में करंट फैलने की आशंका है।
  • बलरामपुर में ट्रक से मालवाहक वाहन टकराया, तीन मजदूरों की मौत और आठ घायल हुए।

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक दर्दनाक हादसे में 54 साल की महिला और उसके 23 साल के बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों शुक्रवार को छत पर सूखने के लिए डाले गए कपड़े लेने गए थे। इसी दौरान दोनों बिजली के करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान 54 साल की कल्याणी बाई यादव और उनके 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन के रूप में हुई है। मृतक मां-बेटे धरसींवा थाना क्षेत्र के कुनरा गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार खेती-किसानी करता है।

बेटी से मिलने रायपुर आई थीं कल्याणी बाई

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कल्याणी बाई अपने बेटे मधुसूदन के साथ रायपुर के छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहने वाली अपनी बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार को कल्याणी बाई कपड़े लेने के लिए घर की छत पर गई थीं। कपड़े उतारते समय वह एक खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गईं और करंट लगने के बाद तार से चिपक गईं। मां को करंट की चपेट में देखकर उनका बेटा मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन बचाने की कोशिश में वह भी उसी बिजली के तार के संपर्क में आ गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

कूलर में खराबी से फैला करंट? पुलिस जांच में जुटी

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह बिजली के कूलर में आई खराबी को माना जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया,

'प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कपड़े सुखाने के लिए खिड़की के कूलर और छत की रेलिंग के बीच GI पाइप बांधा गया था। कूलर में बिजली की खराबी के कारण करंट के बालकनी और धातु के पाइप तक पहुंचने की आशंका है।'

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

बलरामपुर में ट्रक से टकराया मालवाहक वाहन

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शनिवार तड़के एक और बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां एक मिनी मालवाहक वाहन की ट्रक से टक्कर में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों में 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 2 बजे राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी गांव के पास हुआ। मालवाहक वाहन में कुल 11 लोग सवार थे और यह प्रतापपुर से शंकरगढ़ की ओर जा रहा था। राजपुर थाने के थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि ट्रक से टक्कर के बाद तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी 8 लोग घायल हुए, जिनमें 7 की हालत गंभीर है। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: फांसी लगाने की कोशिश, पुलिस ने लाश समझकर कमरा बंद कर दिया, 2 घंटे बाद खोला तो महिला सांस ले रही थी