1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. अनवर बना अर्जुन...बागेश्वर सरकार के मंच से मुस्लिम परिवार ने अपनाया सनातन धर्म

अनवर बना अर्जुन...बागेश्वर सरकार के मंच से मुस्लिम परिवार ने अपनाया सनातन धर्म

छत्तीसगढ़ के कोरबा में बागेश्वर सरकार की हनुमंत कथा के दौरान बेमेतरा के अनवर खान ने परिवार सहित सनातन धर्म अपना लिया है।

Bageshwar dham, muslim, sanatan dharm- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बागेश्वर सरकार के मंच से मुस्लिम परिवार ने अपनाया सनातन धर्म

कोरबा: छत्तीसगढ़ कोरबा में आयोजित बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के चौथे दिन एक अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला।  बागेश्वर सरकार की दिव्य दरबार के दौरान एक मुस्लिम परिवार ने सनातन धर्म अपना लिया। सनातन धर्म अपनाने वाले मुस्लिम परिवार के अनवर खान और उनकी पत्नी हसीना सहित 2 पुत्रों ने मंच पर बागेश्वर सरकार और अन्य साधु-संतों के सामने सनातन धर्म को अपनाया। 

वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ सनातन धर्म अपनाया

वेद मंत्रों के उच्चारण साथ अनवर खान में परिवार सहित सनातन धर्म अपनाया। अनवर खान  छत्तीसगढ़ के ग्राम कोदवा जिला बेमेतरा के रहने वाले हैं जो एक ढाबा चलाते हैं, अनवर खान के पूरे परिवार को तिलक लगाया गया, गंगा जल से पवित्र कर बागेश्वर धाम की भगवा पट्टिका पहनाई गई और पूरे परिवार का नया नामकरण किया गया।

परिवार के मुखिया अनवर खान का नया नाम अर्जुन (आदर्श दास) सिंह रखा गया। उनकी पत्नी हसीना अब प्रिया सिंह के नाम से जानी जाएंगी। वहीं उनके बड़े बेटे सैफ अली खान का नाम बदलकर संजय और छोटे बेटे समद का नाम संतोष रखा गया है।

बिना किसी दबाव के सनातन को अपनाया

अनवर खान ने कहा कि उन्होंने बगैर किसी डर, दबाव के स्वेच्छा से अपने पूरे परिवार के साथ सनातन धर्म अपनाया है। हमें बचपन से ही सनातन धर्म अच्छा लगता था। हमारे साथ में पढ़ने वाले हमारे मित्र भी सनातन धर्म से आते थे, जिनसे हमें बहुत कुछ सीखने को मिला और हम उनके आचरण से प्रभावित थे। आज बागेश्वर सरकार के सानिध्य में हमारी इच्छा पूरी हुई है। आज हमने बागेश्वर सरकार के कोरबा कथा मंच से सनातन धर्म में घर वापसी की है। 

बाबा बागेश्वर ने की ये अपील

इस अवसर पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने परिवार को आशीर्वाद देते हुए उन्हें हनुमान जी (बालाजी) का चित्र और 'साधु सीताराम' पुस्तक भेंट की। उन्होंने पंडाल में मौजूद हजारों की भीड़ का आह्वान करते हुए कहा कि यह परिवार अब हमारे सनातन धर्म का हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस परिवार का पूरा साथ दें और इन्हें समाज में उचित मान-सम्मान प्रदान करें। कोरबा में चल रही इस कथा के बीच हुई इस 'घर वापसी' की चर्चा पूरे छत्तीसगढ़ में जोरों पर है। कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने 'जय श्री राम' के नारों के साथ इस परिवार का स्वागत किया। कथा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और दरबार में भारी जनसैलाब उमड़ रहा है।