A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों ने किया IED विस्फोट, CRPF का जवान गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों ने किया IED विस्फोट, CRPF का जवान गंभीर रूप से घायल

सुकमा में सीआरपीएफ के जवान गश्त पर निकले हुए थे तभी ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) ब्लास्ट हो गया। जंगल के कई जगहों पर नक्सलियों ने IED बिछा रखी थी।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों ने ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (IED) विस्फोट किया है। रविवार को हुए इस IED विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान जख्मी हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

गोगुंडा के निकट पहाड़ियों में हुआ धमाका

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर 1.45 बजे फुलबगड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोगुंडा के निकट पहाड़ियों में उस समय हुई, जब सुरक्षाकर्मियों की एक टीम क्षेत्र में अभियान चला रही थी। सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन का जवान अनजाने में आईईडी पर चढ़ गया, जिससे विस्फोट हो गया और उसके पैर जख्मी हो गए। 

जख्मी जवान को ले जाया गया अस्पताल

पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक उपचार के बाद घायल जवान को आगे के इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया। माओवादी अक्सर बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए सड़कों और जंगलों में कच्चे रास्तों पर आईईडी लगाते हैं।

पिछले महीने में जून में भी हुआ था IED ब्लास्ट

बता दें कि इस साल नौ जून को, सुकमा जिले में एक पत्थर खदान में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी के फटने से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोंटा संभाग) आकाश राव गिरेपुंजे की जान चली गई थी और दो अधिकारी घायल हो गए थे। (भाषा के इनपुट के साथ)